UP Election 2022: सीएम योगी बोले- 2023 तक बनकर तैयार हो जाएगा अयोध्या का भव्य राम मंदिर

सीएम ने कहा कि कोरोना काल ने पूरी दुनिया को रोक दिया लेकिन राम मंदिर का रास्ता नहीं रोक पाया, साल 2023 तक भगवान राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा और राम मंदिर भारत का 'राष्ट्र मंदिर' होगा

अपडेटेड Feb 18, 2022 पर 7:14 PM
सीएम ने कहा कि डबल इंजन की BJP सरकार ने जन-जन की आस्था एवं श्रद्धालुओं की भावना का सदैव सम्मान किया है

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को ऐलान किया कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण वर्ष 2023 तक पूरा हो जाएगा। करहल में एक चुनावी रैली के दौरान आदित्यनाथ ने कहा कि भव्य राम मंदिर 'राष्ट्र मंदिर' होगा। बता दें कि करहल विधानसभा सीट यूपी के मैनपुरी जिले में आती है।

करहल एक हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीट है जहां केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल सपा प्रमुख और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। राम मंदिर पर योगी की घोषणा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी ने पहले वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के पुनर्विकास कार्यों के अनावरण के साथ अपना चुनाव प्रचार शुरू किया था।

अब भगवा पार्टी अगले साल तक अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण पूरा करने का वादा कर रही है। इस बीच, सीएम योगी ने रैली के दौरान कहा कि उच्च शिक्षा और बेहतर इलाज बीजेपी की ''डबल इंजन वाली सरकार'' का लक्ष्य है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार के थमने से पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मैनपुरी पहुंचे।


UP Election 2022: अखिलेश के लिए वोट मांगने के दौरान करहल में बेटे का नाम भूले मुलायम, सीएम योगी ने ली चुटकी

इस दौरान उन्होंने कहा कि 2017 में हम लोग आए थे। हम लोगों ने कहा था रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। हम लोगों ने जो कहा वो किया, क्या ये काम सपा, बसपा या कांग्रेस करती? सीएम ने कहा कि कोरोना काल ने पूरी दुनिया को रोक दिया लेकिन राम मंदिर का रास्ता नहीं रोक पाया। साल 2023 तक भगवान राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा और राम मंदिर भारत का 'राष्ट्र मंदिर' होगा।

सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग बौखला गए हैं। प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल पर हुआ हमला उनकी कायरना हरकत को प्रदर्शित करता है। ये गर्मी 10 मार्च के बाद अपने आप शांत हो जाएगी। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा और बेहतर इलाज डबल इंजन की बीजेपी सरकार का ध्येय है।

सीएम ने कहा कि लखनऊ में राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय, ITI एवं आयुष चिकित्सालय हमारे उसी ध्येय का सशक्त विस्तार हैं। नया उत्तर प्रदेश विश्वस्तरीय चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान रच रहा है।

योगी ने कहा कि हमारी सरकार में प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को अवसर एवं सम्मान दोनों प्राप्त हुए हैं। लखनऊ मध्य क्षेत्र में के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में तरणताल का निर्माण उत्तम खेल सुविधाओं का अनुपम उदाहरण है। डबल इंजन की भाजपा सरकार खेल एवं खिलाड़ियों के उन्नयन हेतु कटिबद्ध है।

सीएम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सभी को मिले, सुगमता से मिले, ये जन-जन का अधिकार है। यूपी की जनता का उत्तम स्वास्थ्य हमारा संकल्प है। सीएन ने कहा कि डबल इंजन की बीजेपी सरकार ने जन-जन की आस्था एवं श्रद्धालुओं की भावना का सदैव सम्मान किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।