UP Election Result 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की वोटों की गिनती जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, रुझान और दिलचस्प होते जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में EVM की मतगणना के बाद राउंडवार भाजपा की बढ़त काफी मजबूत होती नजर आ रही है। इस बीच राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर सदर से बड़ी जीत हासिल की है। UP में एक लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से यह दूसरी बड़ी जीत है।
इससे पहले, गौतमबुद्ध नगर जिले की नोएडा विधानसभा सीट से BJP विधायक पंकज सिंह 1.79 लाख वोटों से जीते हैं। विधानसभा चुनाव में यह किसी भी प्रत्याशी की सबसे बड़ी जीत है।
गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से योगी 1,02,000 वोटों से जीते हैं। उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा है। योगी ने सपा की सुभवती उपेंद्र दत्त शुक्ला को हराया है। भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आज़ाद थे तो मुकाबले में भी नहीं रहे। आजाद की जमानत ज़ब्त हो गई है। उन्हें सिर्फ 5409 वोट मिले हैं। भीम आर्मी के चंद्रशेखर के साथ ही कांग्रेस तथा बसपा के प्रत्याशी टक्कर में ही नहीं थे। सपा की सुभावती शुक्ला को 60,562, बसपा के शमसुद्दीन को 7833 वोट मिले हैं। योगी आदित्यनाथ का अब लखनऊ में BJP दफ्तर में पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
यूपी में एक बार फिर योगी सरकार
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बीजेपी की सरकार बन रही है। रुझानों में 403 में बीजेपी को 267 सीटें मिल रही हैं। वहीं सपा को 131, कांग्रेस को 2, बसपा को 1 और अन्य को 2 सीटें मिल रही है। करीब 37 साल बाद ऐसा हो रहा है जब एक सीएम रिपीट हो रहा है।
बुल्डोजर के सामने कोई नहीं आ सकता
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में BJP प्रचंड बहुमत मिलता देखकर अभिनेत्री और सांसद हेमामालिनी ने बयान दिया है। उन्होंने कहा, बुल्डोजर के सामने कोई नहीं आ सकता। यहां बुल्डोजर को लेकर उनका इशारा योगी आदित्यनाथ की ओर था। हेमामालिनी ने कहा, उत्तर प्रदेश के हर सेक्टर के विकास के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने काम किया है। हम इस बात से आश्वस्त हैं कि हमारी ही सरकार बनेगी। हमने विकास के हर पहलू पर काम किया है।