UP Elections 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत राज्य के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों के लिए मतदान गुरुवार सुबह सात बजे शुरू हो गया है। निर्वाचन आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, पहले चरण के चुनाव के लिए मतदान कार्य कोविड प्रोटोकॉल के तहत सुबह सात बजे शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक चलेगा।
इस बीच, यूपी सरकार ने मतदान वाले सभी 11 जिलों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। आदेश के मुताबिक मतदान वाले दिन सभी शिक्षण संस्थाएं और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। पहले चरण में शामली, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा तथा आगरा जिलों में मतदान हो रहा है।
उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीडी राम तिवारी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी 11 जिलों में आज छुट्टी होगी ताकि नागरिकों द्वारा मतदान करने के लिए अपने अधिकार का उपयोग किया जा सके। तिवारी ने बताया कि मतदाता पहचान पत्र नहीं होने पर आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस समेत 12 विकल्पों का इस्तेमाल कर वोट डाला जा सकेगा।
जाट बहुल क्षेत्र में हो रहा है पहले चरण का मतदान
पहले चरण का चुनाव जाट बहुल क्षेत्र में हो रहा है। इस चरण में प्रदेश सरकार के मंत्रियों श्रीकांत शर्मा, सुरेश राणा, संदीप सिंह, कपिल देव अग्रवाल, अतुल गर्ग और चौधरी लक्ष्मी नारायण समेत कुल 623 उम्मीदवारों के सियासी भाग्य का फैसला होगा। इनमें 73 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं।
चुनाव आयोग की पुख्ता तैयारी
यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। कोविड-19 के मद्देनजर मतदान केंद्रों पर थर्मल स्कैनर, सैनीटाइजर, ग्लव्स, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में होने वाले मतदान में 2.28 करोड़ योग्य मतदाता हैं। इनमें 1.24 करोड़ पुरूष, 1.04 करोड़ महिला तथा 1448 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। मतदान पर सतर्क नजर रखने के लिए 48 जनरल ऑब्जर्वर और आठ पुलिस ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 2175 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 284 जोनल मजिस्ट्रेट, 368 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 2718 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं।
वर्ष 2017 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने पहले चरण की 58 में से 53 सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी को दो-दो सीटें मिली थी। इसके अलावा राष्ट्रीय लोकदल का भी एक प्रत्याशी जीता था।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव आज से शुरू होकर सात चरणों होगा। दूसरा चरण 14 फरवरी, तीसरा चरण 20 फरवरी, चौथा चरण 23 फरवरी, पांचवां चरण 27 फरवरी, छठा चरण 3 मार्च और अंतिम चरण 7 मार्च को होगा। जबकि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।