उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के सीएम योगी आदित्याथ के इस ऐलान से युवाओं के चेहरे खिल गए हैँ। दरअसल, सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मौजूदा समय में जो 60,000 से ज्यादा पुलिस भर्तियां चल रही हैं। इनकी नियुक्ति के साथ ही 40,000 और सिपाही जल्द ही भरे जाएंगे। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक वृहद रोजगार मेले के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने यह ऐलान किया है। वहीं वाराणसी में भाजपा युवा मोर्चा के एक कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी पुलिस में अगले दो साल में 1 लाख नौजवानों की भर्तियां की जाएंगी।
उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि इन भर्तियों में अब पिछली सरकारों की तरह भेदभाव नहीं होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और चाचा शिवपाल यादव पर भी बिना नाम लिए निशाना साधा और बेरोजगारी के लिए उन्हें ज़िम्मेदार ठहराया।
चाचा-भतीजे की जोड़ी वूसली में जुटे थे – सीएम योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी ने आगे कहा कि साल 2017 से पहले चाचा-भतीजे की जोड़ी नौकरी के नाम पर लोगों से वसूली करते थे। जिसकी वजह से नौकरियों पर कोर्ट से रोक लग जाती थी लेकिन अब ऐसा नहीं होता है। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। सीएम योगी ने दावा किया है कि अगले दो सालों में दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। सीएम ने कहा कि हमने 6.5 लाख नौजवानों को नियुक्ति पत्र देकर सरकारी नौकरी दे दी है। मैं अभी पुलिस प्रशिक्षण अकादमी से आ रहा हूं। जहां 74 डिप्टी एसपी की दीक्षा परेड की सलामी ली है। अब नौजवान यूपी पुलिस का हिस्सा बनेंगे।
यूपी अब बीमारू राज्य नहीं है - सीएम योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी ने कहा कि अगर सरकार ठान ले तो फिर उसके लिए कोई भी संभव काम असंभव नहीं है। उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्यों की लिस्ट से बाहर हो चुका है। यह देश की प्रगति और विकास का नंबर दो राज्य बन चुका है। सीएम योगी ने आगे कहा कि अगले 3-4 साल में हम यूपी को देश का नंबर वन अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनाएंगे। यहां के लोगों की कमाई में तीन से चार गुना की बढ़ोतरी होगी।