Uttarakhand Election Results 2022: उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक बार फिर स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाती दिख रही है। हालांकि इसके बावजूद राज्य को एक बार फिर नया मुख्यमंत्री देखने को मिल सकता है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और बीजेपी प्रत्याशी पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) को खटीमा विधानसभा सीट से करारी हार को सामना करना पड़ा है। पुष्कर सिंह धामी को कांग्रेस (Congress) के भुवन चंद्र कपाड़ी (Bhuwan Chandra Kapri) ने 7 हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव हरा दिया है।
पुष्कर धामी को मिले 40 हजार वोट
खटीमा से कांग्रेस प्रत्याशी भुवन चंद्र कपाड़ी को 47,626 सीटें मिली, जबकि उनके मुकाबले पुष्कर सिंह धामी को सिर्फ 40,675 वोट ही मिल पाए। दरअसर पिछले चुनाव में भुवन चंद्र कपाड़ी ने पुष्कर सिंह धामी को कड़ी टक्कर दी थी और वह सिर्फ 2709 वोटों से ही हारे थे। इस बार उन्होंने अपनी हार का हिसाब-किताब चुकता कर लिया है।
भुवन चंद्र कपाड़ी को उत्तराखंड कांग्रेस के युवा नेताओं में देखा जाता है और वह उत्तराखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। वहीं उत्तराखंड युथ कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और उन्हें युवाओं के बीच एक लोकप्रिय चेहरे के रूप में देखा जाता है।
6 महीने पहले CM बने थे धामी
बता दें कि पुष्कर सिंह धामी को बीजेपी ने चुनाव के करीब 6 महीने मुख्यमंत्री बनाया था। बीजेपी सरकार के पिछले 5 साल के कार्यकाल में तीन बार मुख्यमंत्री बदले थे। पुष्कर सिंह धामी से बीजेपी ने तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाया था और उनसे भी पहले त्रिवेंद्र सिंह रावत बीजेपी सरकार के मुख्यमंत्री थे। पु्ष्कर धामी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद खटीमा में विकास कार्य तेज किए थे, लेकिन ये काम धामी के काम नहीं आए।
पहली बार लगातार दूसरी बार बनेगी एक पार्टी की सरकार
उत्तराखंड में हमेशा से पांच साल बाद सरकार बदलने का इतिहास रहा है। यह पहली बार है, जब किसी पार्टी को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए मौका मिला है। हालांकि बीजेपी को अब नया मुख्यमंत्री चुनना है और देखना होगा कि नए मुख्यमंत्री 5 साल के कार्यकाल पूरा करते हैं और उत्तराखंड के पुराने इतिहास की तरह बीच में एक बार फिर मुख्यमंत्री बदलेगा।
उत्तराखंड में बीजेपी को मिल रहीं 47 सीटें
उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों में बीजेपी 47 सीटें जीतती हुई दिख रही है, जबकि कांग्रेस के खाते में सिर्फ सिर्फ 19 सीटें जाते हुए दिख रही हैं। वहीं 2 सीटों पर बहुजन समाज पार्टी और 2 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों की बढ़त है।