देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत रविवार सुबह अचानक बिगड़ गई। उन्हें सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई। जिसके बाद उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के कार्डियक विभाग में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल अब उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है। उन्हें रात करीब 2 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. राजीव नारंग की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के एम्स में भर्ती होने के बाद केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता जेपी नड्डा ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी के लिए एम्स का दौरा किया।
बता दें कि अगस्त 2022 से जगदीप धनखड़ देश के उपराष्ट्रपति हैं। इससे पहले वो पश्चिम बंगाल का राज्यपाल का पद संभाल चुके हैं। जगदीप धनखड़ का जन्म राजस्थान के झुंझुनू में 18 मई 1951 को हुआ था। उन्होंने अपनी शिक्षा राजस्थान विश्वविद्यालय से ही की है।
धनखड़ ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1989 में जनता दल के टिकट पर झुंझुनू से चुनाव लड़कर की थी और सांसद बने थे। जनता दल में बंटवारे के बाद वे देवेगौड़ा के गुट में शामिल हो गए थे। बाद में कांग्रेस में शामिल होकर उन्होंने अजमेर से चुनाव लड़ा। लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया। फिर किशनगढ़ विधानसभा सीट से विधायक बने। धनखड़ ने अपने राजनीतिक जीवन में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। उनकी बेबाक छवि के कारण वे हमेशा चर्चा में बने रहते हैं। फिलहाल उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना पूरे देश में की जा रही है।