Namo Bharat Corridor : भारत की अपनी हाईस्पीड ट्रेन 'नमो भारत' की राजधानी दिल्ली में एंट्री हो गई है। रविवार यानी 5 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाया। पीएम मोदी ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे सेक्शन का उद्धाटन किया। इसके साथ ही अब नमो भारत ट्रेन दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक दौड़ेगी। बता दें इस परियोजना की लागत करीब 4,600 करोड़ रुपये है और अब ट्रेन के कारण मेरठ से दिल्ली की कनेक्टिविटी को बहुत बढ़ावा मिलेगा।
अब दिल्ली से मेkरठ तक फर्राटा भरेगी 'नमो भारत'
बता दें कि आज यानी 5 जनवरी को प्रधानमंत्री मोदी, दिल्ली में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करने जा रहे हैं, जिनकी कुल लागत 12,200 करोड़ रुपये से अधिक है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य दिल्ली में इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है। इससे पहले पीएम मोदी ने साहिबाबाद RRTS स्टेशन से न्यू अशोक नगर RRTS स्टेशन तक 'नमो भारत' ट्रेन सफर भी किया. इस दौरान पीएम मोदी ने स्कूल के बच्चों से भी मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें 'न्यू इंडिया' के निर्माण की तस्वीरें उपहार स्वरूप दीं।
पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
दिल्ली में कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन से पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि अब दिल्ली के लोग ऐसे सरकार चाहते हैं, जो शहर के सभी पहलुओं के विकास और जनहित में काम करे। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में कहा, "दिल्ली के लोग अब एक ऐसी सरकार चाहते हैं, जो पूरी तरह से उनके कल्याण और राजधानी के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित हो।" नमो भारत कॉरिडोर के उद्घाटन के साथ, दिल्ली को पहली बार नामो भारत कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा आसान हो जाएगी। इस परियोजना से लाखों लोगों को उच्च गति और आरामदायक यात्रा के साथ-साथ सुरक्षा और विश्वसनीयता भी मिलेगी।
दिल्ली को मिलेगी और भी सौगात
प्रधानमंत्री मोदी आज दिल्ली मेट्रो के फेज-4 के तहत जनकपुरी और कृष्णा पार्क के बीच 2.8 किमी के खंड का उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत करीब 1,200 करोड़ रुपये है। यह पहला फेज है जिसे मेट्रो के फेज-4 के तहत उद्घाटन किया जाएगा। यह पश्चिमी दिल्ली के कृष्णा पार्क, विकाशपुरी और जनकपुरी जैसे क्षेत्रों के यात्रियों को लाभ पहुंचाएगा। इसके अलावा, वे दिल्ली मेट्रो फेज-4 के तहत रिथाला-कुंडली खंड (26.5 किमी) का शिलान्यास करेंगे, जो रिथाला (दिल्ली) को नाथुपुर (कुंडली, हरियाणा) से जोड़ने वाला है। इस परियोजना से दिल्ली और हरियाणा के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण सुधार होगा।
जान लें कितना होगा किराया
वहीं बात अगर नमो भारत ट्रेन की करें तो नमो भारत का आनंद विहार स्टेशन भूमिगत (अंडरग्राउंड) है, और यह पहली बार होगा जब नमो भारत ट्रेन अंडरग्राउंड सेक्शन में चलेगी। इस स्टेशन से मेरठ साउथ तक का सफर सिर्फ 35 मिनट में पूरा हो जाएगा। आनंद विहार स्टेशन को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह सार्वजनिक परिवहन के 6 प्रमुख माध्यमों से आसानी से जुड़ा हो। वहीं नमो भारत ट्रेन का किराया न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ के बीच स्टैंडर्ड क्लास के लिए 150 रुपये और प्रीमियम क्लास के लिए 225 रुपये होगा। वहीं, आनंद विहार से मेरठ साउथ के बीच नमो भारत का किराया स्टैंडर्ड क्लास के लिए 130 रुपये और प्रीमियम क्लास के लिए 195 रुपये होगा।