Get App

Ram Mandir: केजरीवाल और भगवंत मान 12 फरवरी को जाएंगे अयोध्या, परिवार के साथ रामलला का करेंगे दर्शन

Ram Temple in Ayodhya: दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अपने परिवार के साथ सोमवार को अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर का दौरा करेंगे। केजरीवाल ने प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान उल्लेख किया कि दिल्ली सरकार अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन सेवाएं आयोजित करने का प्रयास करेगी

अपडेटेड Feb 11, 2024 पर 7:39 PM
Story continues below Advertisement
Ram Mandir: केजरीवाल ने पहले ऐलान किया था कि वह अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ मंदिर जाएंगे

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Delhi CM Arvind Kejriwal) और पंजाब के सीएम भगवंत मान (Bhagwant Mann) सोमवार 12 फरवरी को अयोध्या (Ram Temple in Ayodhya) जाएंगे। दोनों परिवार के साथ नवनिर्मित राम मंदिर (Ram Mandir) में रामलला के दर्श करेंगे। आम आदमी पार्टी (AAP) ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में 22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया गया था। लेकिन उन्होंने कहा था कि वह बाद में अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ दर्शन करने जाएंगे।

सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल और मान के साथ उनका परिवार भी होगा। ANI ने AAP के हवाले से कहा, "दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने परिवार के सदस्यों और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ कल, 12 फरवरी को अयोध्या के राम मंदिर का दौरा करेंगे।"

इससे पहले 22 जनवरी को मंदिर में हुए प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किए जाने पर केजरीवाल ने कहा था कि उनकी प्राथमिकता बाद में अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ मंदिर जाने की है। केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकार से कहा, "मैं अपनी पत्नी, बच्चों और माता-पिता के साथ राम मंदिर के दर्शन के लिए जाना चाहता हूं। हम प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद जाएंगे।"


यूपी के विधायकों ने किए रामलला के दर्शन

मुख्‍य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (SP) को छोड़कर उत्तर प्रदेश के दोनों सदन (विधानसभा और विधान परिषद) के करीब 325 विधायकों ने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के साथ नवनिर्मित राम मंदिर का दौरा किया और श्री रामलला का दर्शन पूजन किया। राम मंदिर में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान के सामने साष्टांग दंडवत कर पूजा-अर्चना की। विधायकों के मंदिरों के शहर में पहुंचने पर अयोध्या के वासियों में उत्साह देखा गया। उन्होंने फूलों की वर्षा की। जैसे ही बस ने अयोध्या में प्रवेश किया फूलों की बरसात शुरू हो गई। लोग उत्साह में नारे लगा रहे थे।

मुख्यमंत्री ओर से शेयर किए गए 14 मिनट के वीडियो में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत कई विधायक 'रघुपति राघव राजा राम' भजन गाते दिखाई दे रहे हैं। कुछ विधायकों ने मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर समूह में तस्वीरें खिंचवाईं। सूत्रों ने पीटीआई को बताया, "325 से कुछ अधिक विधायकों (विधान सभा और विधान परिषद दोनों के सदस्यों) ने अयोध्या में भगवान राम की पूजा की। कुछ विधायकों की पत्नियां भी उनके साथ थीं। कुल मिलाकर, दल का आकार 400 से अधिक था।"

इस दौरान शामिल पार्टी नेताओं में भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी दल अपना दल (S), निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के सदस्‍यों के अलावा विपक्षी दलों में कांग्रेस की आराधना मिश्रा 'मोना', जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के रघुराज प्रताप सिंह और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के उमाशंकर सिंह तथा राष्‍ट्रीय लोकदल (RLD) के राजपाल सिंह बालियान शामिल रहे। दर्शन पूजन के बाद अयोध्‍या में ही विधायकों के लिए भोज का आयोजन हुआ और उसके बाद सभी लखनऊ लौट गए।

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Feb 11, 2024 7:35 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।