Ram Mandir Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) 22 जनवरी को अपने हाथों से भगवान राम की उनके भव्य मंदिर में विराजमान करेंगे। यूं तो प्रधानमंत्री मोदी अपनी नीतियों और बेबाक बयानों के लिए जाने ही जाते हैं, लेकिन एक और चीज है, जो उन्हें सबसे अलग बनाती है... वो है PM मोदी का ड्रेसिंग सेंस। पीएम के ड्रेसिंग सेंस और उनकी पोशाक विपक्ष से लेकर आम आदमी तक का ध्यान खींच लेती है। खास बात ये है कि पीएम जिस भी बड़े इवेंट में शिरकत करते हैं, तो उसी की थीम या विषय से मिलते-जुलते कपड़ों में आपको दिखाई देंगे।
जाहिर है राम मंदिर (Ram Mandir) प्राण प्रतिष्ठा समारोह देशभर में एक पर्व की तरह मनाया जाएगा, तो ऐसे में प्रधानमंत्री का लुक क्या होगा, ये देखना भी दिलचस्प होगा। खैर इस सवाल का जवाब तो 22 जनवरी को मिल ही जाएगा, लेकिन उससे पहले ही मोदी के लिए खास तरह का एक दुपट्टा तैयार हो चुका है और वो भी उनके अपने लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में।
बनारस के एक बुनकर सर्वेश श्रीवास्तव ने हथकरघा पर करीब तीन महीने की कड़ी मेहनत के बाद PM मोदी के लिए प्योर रेशम का दुपट्टा तैयार किया। इस दुपट्टे पर राम मंदिर को बड़ी ही खूबसूरत तरीके से उकेरा गया है।
क्या है इस दुपट्टे की खासियत?
- ढाई मीटर के इस दुप्पटे के दोनों तरफ राम मन्दिर की आकृति है।
- दुपट्टे को दोनों तरफ से देखने पर राम मन्दिर सीधा ही दिखाई देता है।
- दुपट्टा पूरी तरह हैंडमेड है।
- इसे देसी रेशम से तैयार किया गया है।
ये कोई आम दुपट्टा नहीं, इसलिए आम लोगों के लिए इसकी बिक्री बाजार में नहीं होगी। इसे खासतौर पर पीएम मोदी के लिए तैयार किया गया है। इसे बनाने में करीब 35,000 रुपए का खर्चा आया है।
सर्वेश ने कहा अगर इस दुपट्टे को पहन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर का उद्घाटन करेंगे, तो ये पूरे बनारस के बुनकरों के लिए एक सम्मान की बात होगी। साथ ही देशभर में बनारस का मान और भी ज्यादा बढ़ जाएगा।
सर्वेश की इच्छा है कि भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा वाले एतिहासिक दिन पर PM मोदी इस दुपट्टे को अपने शरीर पर धारण करें। इसके लिए उन्होंने PMO के अलावा सीएम कार्यालय को पत्र भी भेजा है।
साथ ही उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के पदाधिकारियों से भी बातचीत की है और उन्हें ट्रस्ट की तरफ से पूरा आश्वासन दिया गया है।