Ram Mandir Inauguration: अयोध्या (Ayodhya) में राम मंदिर (Ram Mandir) के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन 22 जनवरी को वाराणसी (Varanasi) के नाविक समाज ने गंगा घाट (Ganga Ghat) पर एक छोर से दूसरे छोर तक जाने के लिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को फ्री सेवा देने का निर्णय लिया है। ‘मां गंगा निषाद राज सेवा न्यास’ के संगठन मंत्री शम्भू साहनी ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया, "निषाद समाज का प्रभु श्री राम से अटूट रिश्ता रहा है। वन गमन के समय निषाद राज ने प्रभु श्री राम, लक्ष्मण और माता सीता को अपनी नाव से बिना शुल्क लिए नदी पार कराई थी।"
उन्होंने कहा कि इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नाविक समाज की बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि 22 जनवरी को बनारस के सभी 84 घाट पर गंगा के एक छोर से दूसरे छोर तक जाने के लिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मुफ्त नाव सेवा दी जाएगी।
साहनी ने बताया कि 22 जनवरी को ही दिन में बनारस के राजघाट से निषादराज घाट तक भगवान श्री राम, लक्ष्मण और माता जानकी के नाम से एक शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल होंगे।
गरीबों को बांटे जा रहे दीये
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में स्थानीय लोगों का एक ग्रुप दीये भी बांट रहा है। ये दीये गरीबों को 'हर घर दीया' अभियान के तहत दिए जा रहे हैं।
हर घर दिया अभियान की वालंटियर पूजा दीक्षित ने बताया, "जैसा कि नरेंद्र मोदी जी ने कहा कि 22 जनवरी को पूरा देश दीपोत्सव मनाएगा। उसी की मुहिम है कि 2001 दीये लेकर आज हम मलिन बस्तियों में आए हैं। इन दीयों को बांट कर ये संदेश दिया जा रहा है 22 जनवरी को आप अपनी-अपनी चौखट पर इन दीयों को जलाएं। ये दिये हमारे बच्चों ने बनाएं हैं और अपने हाथों से ही इनको रंगा है।"
इस काम में लगे वालंटियर्स का मानना है कि 22 जनवरी की शाम को वाराणसी का हर घर दीयों से जगमगा उठेगा। इससे शहर में राम मंदिर के उद्घाटन की खुशी चारों ओर देखने को मिलेगी।