Ram Mandir: इमारतों पर सजावट, महा प्रसाद वितरण... मॉरीशस में भी 10 दिनों तक मनाया जाएगा अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का जश्न

Ram Mandir Inauguration: राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के समय हिंदू आस्था के सभी सरकारी कर्मचारियों को दो घंटे का रेस्ट देने के मॉरीशस संतान धर्म मंदिर महासंघ के अनुरोध को प्रधान मंत्री प्रवीण कुमार जगुनाथ ने मंजूर कर लिया और देश के मंत्रिमंडल ने इसे पारित भी कर दिया। इस कदम का मॉरीशस के नागरिकों ने भी स्वागत किया।

अपडेटेड Jan 14, 2024 पर 9:09 PM
Story continues below Advertisement
Ram Mandir: इमारतों पर सजावट, महा प्रसाद वितरण... मॉरीशस में भी 10 दिनों तक मनाया जाएगा अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का जश्न

Ram Mandir Inauguration: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का जश्न सिर्फ देश में ही नहीं दुनिया के कई दूसरे हिस्सों में भी मनाया जाएगा। इसी कड़ी में मॉरीशस (Mauritius) में ऐतिहासिक राम मंदिर प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर अगले दस दिनों तक जश्न मनाया जाएगा। रामलला का प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को उत्तर प्रदेश के अयोध्या (Ayodhya) में होने वाली है। 12.6 लाख की आबादी वाला द्वीप राष्ट्र 21 जनवरी को जुलूस, दीये जलाने, महत्वपूर्ण इमारतों पर सजावट, महा प्रसाद वितरण, एक भव्य कार्यक्रम और सरकारी कार्यालयों में इसका सीधा प्रसारण समेत कई कार्यक्रम आयोजित करने के लिए तैयार है। मॉरीशस की 68% से अधिक आबादी भारतीय मूल की है, जिन्हें आमतौर पर इंडो-मॉरीशस के रूप में जाना जाता है।

राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के समय हिंदू आस्था के सभी सरकारी कर्मचारियों को दो घंटे का रेस्ट देने के मॉरीशस संतान धर्म मंदिर महासंघ के अनुरोध को प्रधान मंत्री प्रवीण कुमार जगुनाथ ने मंजूर कर लिया और देश के मंत्रिमंडल ने इसे पारित भी कर दिया। इस कदम का मॉरीशस के नागरिकों ने भी स्वागत किया।

347 मंदिरों में मनाया जाएगा जश्न


देश की सबसे बड़ी हिंदू संस्था मॉरीशस सनातन धर्म मंदिर महासंघ ने अगले दस दिनों के लिए एक रोड मैप तय किया है। इसके तहत देश के सभी 347 मंदिरों को एक सर्कुलर भी भेजा गया है, जिसमें मॉरीशस में राम मंदिर के उद्घाटन का जश्न मनाने के लिए विचार साझा किए गए हैं।

CNN-News18 से बात करते हुए मॉरीशस सनातन धर्म मंदिर महासंघ के अध्यक्ष घूरबिन भोजराज ने कहा, “मॉरीशस में हर कोई दिवाली के मूड में है। मकर संक्रांति से मॉरीशस की हर गली में रामायण पाठ के साथ उत्सव शुरू हो जाएगा और प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से एक दिन पहले 21 जनवरी को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें मॉरीशस के प्रधान मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।"

मॉरीशस के इतिहास में पहली बार सभी सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन जैसे हिंदू भाषी, मराठी भाषी, हरे राम हरे कृष्ण समूह आदि इस ऐतिहासिक अवसर का जश्न मनाने के लिए एक साथ आए हैं।

Ram Mandir: शारदा और श्रृंगेरी पीठ के शंकराचार्य राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में होंगे शामिल

भोजराज ने ये भी कहा कि मॉरीशस के अलग-अलग जंक्शनों पर LCD स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि लोग अयोध्या से सीधा प्रसारण देख सकें। राजधानी पोर्ट लुइस में एक विशेष 'जुलूस' भी निकाला जाएगा, जिसके बाद 22 जनवरी को 'महा आरती' और 'महा प्रसाद' का वितरण किया जाएगा।

लोक सेवा, प्रशासनिक और संस्थागत सुधारों के वरिष्ठ मंत्री अंजिव रामधान्य ने CNN-News18 को बताया कि "सभी कार्यालयों में 22 जनवरी को समारोह का सीधा प्रसारण होगा और पूरे मॉरीशस में दीये जलाए जाएंगे।" मंत्री ने राम मंदिर जाने का इरादा भी जताया और कहा कि मॉरीशस में लोग अपनी आस्था की परवाह किए बिना रामायण देखकर बड़े हुए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।