Ram Mandir Inauguration: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) सरकार ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या (Ayodhya) में श्री राम जन्मभूमि मंदिर (Ram Mandir) के दर्शन करने के इच्छुक भक्तों के लिए सालाना फ्री ट्रेन यात्रा योजना को मंजूरी दे दी। इस फैसले की घोषणा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। 2023 के विधानसभा चुनावों के दौरान प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के वादे को ध्यान में रखते हुए, सालाना मुफ्त ट्रेन यात्रा योजना छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की तरफ से लागू की जाएगी और राज्य पर्यटन विभाग इसके लिए जरूरी बजट आवंटित करेगा।
फिलहाल हर कोई इस योजना का लाभ नहीं उठा सकता, क्योंकि तीर्थयात्रियों के चयन के लिए कलेक्टरों के अंडर एक समिति बनाई की जाएगी। राज्य सरकार के रिलीज के अनुसार, इस योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र व्यक्तियों की उम्र 18 से 75 साल के बीच होनी चाहिए और 55 साल से ज्यादा उम्र वालों को शुरुआती चरण में प्राथमिकता दी जाएगी।
सरकारी रिलीज के अनुसार, लगभग 20,000 लोगों को ट्रेन के जरिए वार्षिक तीर्थयात्रा पर अयोध्या ले जाया जाएगा।
बोर्डिंग के लिए स्टेशन रायपुर, दुर्ग, रायगढ़ और अंबिकापुर हैं, 900 किलोमीटर की यात्रा का समापन अयोध्या में होगा। भक्तों के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन और गंगा आरती में शामिल होने के लिए वाराणसी में भी एक स्टॉप होगा।
इसके अलावा, योजना को लागू करने के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। अयोध्या आने के इच्छुक तीर्थयात्रियों के लिए हफ्ते में एक स्पेशल ट्रेन की भी व्यवस्था की जाएगी।
छत्तीसगढ़ में 22 जनवरी को ड्राई डे
इससे पहले, राज्य सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर की प्रतिष्ठा को देखते हुए 22 जनवरी को पूरे राज्य में ड्राई डे घोषित किया था। साय ने छत्तीसगढ़ सरकार के एक बयान में कहा, "राम राज्य हमारे सुशासन का मॉडल रहा है। हम भाग्यशाली हैं कि छत्तीसगढ़ उनका ननिहाल है और ये भी सौभाग्य है कि 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी।"
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से 27 km दूर चंदखुरी गांव को भगवान राम की माता कौशल्या का जन्मस्थान माना जाता है। प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान गांव में स्थित प्राचीन माता कौशल्या मंदिर को भव्य रूप दिया गया था।