Ram Mandir Inauguration: रामलाल के प्राण प्रतिष्ठा से पहले अयोध्या एयरपोर्ट को देश के कई हिस्सों से जोड़ा जा रहा है। दिल्ली से अयोध्या के लिए फ्लाइट शुरू होने के बाद गुजरात के अहमदाबाद से भी आप रामनगरी के लिए हवाई सफर कर सकते हैं। अयोध्या से अहमदाबाद के लिए हवाई सफर शुरू हो चुका है। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) और केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने हरी झंडी दिखाकर इस सर्विस की शुरुआत की। दोनों शहरों के बीच यह सर्विस हफ्ते में 3 दिन मिलेगी। बता दें कि अयोध्या में भगवान राम के बाल स्वरूप राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज (11 जनवरी 2024) एक बहुत नया इतिहास रचा जा रहा है। अयोध्या की पावन भूमि पर एक नववर्ष का उत्साह हमने 30 दिसंबर को देखा था, जब पीएम मोदी ने अयोध्या के भव्य एयरपोर्ट और नए रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया था।
फ्लाइट का ये है पूरा शेड्यूल
11 जनवरी 2024 से गुजरात के अहमदाबाद से अयोध्या के लिए फ्लाइट सर्विस शुरू हो चुकी है। पहले दिन हवाई सफर में भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की वेश-भूषा में यात्री देखे गए। इंडिगो की यह फ्लाइट हफ्ते में 3 दिन उड़ान भरेगी। मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को अयोध्या से अहमदाबाद के लिए हवाई सफर कर सकते हैं। इंडिगो की यह फ्लाइट अहमदाबाद से सुबह 9.10 बजे टेक ऑफ करेगी। इसके बाद अयोध्या 11 बजे लैंड करेगी। फिर अयोध्या से टेक ऑफ का टाइम सुबह 11.30 बजे है। यह अहमदाबाद में दोपहर 1.40 बजे लैंड करेगी।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुझे खुशी हो रही है कि अयोध्या-अहमदाबाद के बीच जो सेवा शुरू हो रही है। इससे श्रद्धालुओं को अहमदाबाद से अयोध्या और अयोध्या से द्वारिकाधाम, सूरत, सोमनाथ आदि पवित्र स्थलों की यात्रा करने में आसानी होगी। मैं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने इसमें रुचि लेकर अयोध्या के इस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण को एक समय सीमा के अंदर पूरा कराया।