Ram Mandir Inauguration: मध्य प्रदेश (MP) के मुस्लिम भजन गायक और कवि अकबर ताज (Akbar Taj) ने 22 जनवरी को अयोध्या (Ayodhya) में होने वाले राम मंदिर (Ram Mandir) प्रतिष्ठा समारोह के लिए उन्हें आमंत्रित किए जाने पर खुशी जताई है। अकबर ताज आंखों से देख नहीं सकते। खंडवा जिले के हफला बीपला गांव के निवासी 42 साल के ताज ने बताया कि वह 14 जनवरी को उत्तर प्रदेश के अयोध्या पहुंचेंगे और भगवान श्रीराम पर कविता पाठ करेंगे।
न्यूज एजेंसी PTI से उन्होंने कहा, "मैं पूरे देश में जगह-जगह जाता रहता हूं, लेकिन अयोध्या में राम जी भद्राचार्य (हिंदू आध्यात्मिक नेता) की ओर से आमंत्रित किए जाने पर मुझे बहुत खुशी हो रही है। मैं कई दूसरे कार्यक्रम छोड़कर वहां जा रहा हूं।"
ताज बचपन से ही भगवान श्रीराम की स्तुति में कविताएं और भजन लिख और उनका पाठ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह एक बहुत गरीब परिवार से हैं और एक ‘कच्चे’ घर में रहते हैं।
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए देश की जानी-मानी हस्तियों को भी न्योता दिया गया है। इसी कड़ी में अभिनेत्री आलिया भट्ट और उनके पति और अभिनेता रणबीर कपूर को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का रविवार को न्योता मिला।
निर्माता महावीर जैन की तरफ से जारी किए गए एक बयान के अनुसार, अभिनेता 22 जनवरी को आयोजित होने वाले समारोह का हिस्सा होंगे।
बयान में कहा गया, "सुनील आंबेकर, RSS के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख; श्री अजय मुडपे, प्रांत प्रचार प्रमुख, RSS कोंकण; और निर्माता महावीर जैन ने आज आलिया और रणबीर से मुलाकात की और उन्हें 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले श्री रामजन्मभूमि मंदिर प्राणप्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया।"