Ram Mandir Inauguration: अधोध्या (Ayodhya) में बन रहे भव्य राम मंदिर (Ram Mandir) के लिए देश-विदेश से लोग बढ़-चढ़कर दान दे रहे हैं, फिर क्या गरीब और क्या अमीर, जिससे जो बन रहा है, वो भगवान राम के चरणों में अर्पित कर रहा है। लेकिन बड़ी बात ये है कि राम मंदिर निर्माण के लिए भिखारियों (Beggars) ने भी दान दिया है और वो भी कोई हजार-दो हजार नहीं बल्कि लाखों में। अब उनके इसी दान का मान रखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने भी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा (Ram Mandir Pran Pratishtha) पूजन समारोह में शामिल होने का इन भिखारियों को न्योता भेजा है।
दरअसल, इन भिखारियों ने राम मंदिर निर्माण के समर्पण निधि अभियान में अपना योगदान दिया था। इसके लिए संघ भी इन भिखारियों की पहचान कर रहा है, ताकि उन्हें इस ऐतिहासिक क्षण में शामिल किया जाए।
समपर्ण निधि में तीर्थराज काशी (Varanasi) और प्रयागराज (Prayagraj) के 300 से ज्यादा भिखारियों ने श्री राम मंदिर तीर्थ ट्रस्ट को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जरिए साढ़े चार लाख रुपए दान दिया।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से प्राण प्रतिष्ठा पूजन के मैनेजमेंट के लिए बनाई गई कमिटी के सदस्य स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने बताया कि काशी और प्रयागराज के कई भिखारियों ने समपर्ण निधि अभियान में साढ़े 4 लाख रुपए दान में दिया था। अब इन भिखारियों को इस आयोजन में आमंत्रित भी किया जाएगा।
राम मंदिर राष्ट्रीय की एकता और अखंडता का परिचय
अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम सभी पंथ जाति संप्रदाय को एकता के धागे में बांधने के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर को राष्ट्रीय एकता और अखंडता का परिचय बताते हुए कहा, "सभी वर्ग के लोगों का राम मंदिर निर्माण में सहयोग मिला है। काशी और प्रयागराज के भिखारियों का जज्बा सराहनीय है। संत समाज प्रभु श्री राम से भिखारियों के खुशहाल जीवन की कामना करता है।"
राम मंदिर के निर्माण में पूरी दुनिया से राम भक्तों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई थी. इन राम भक्तों में कई मुस्लिम भी शामिल थे। ऐसे में अब जब रामलला के करीब 500 सालों के वनवास खत्म हो रहा है, तो इस ऐतिहासिक क्षण के लिए इस योगदान में शामिल सभी लोगों को शामिल किया जा रहा है, ताकि इस मंदिर से देश से सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया जाएगा।