Ram Mandir: PM मोदी 30 दिसंबर को अयोध्या में भव्य रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन, राम मंदिर का भी लेंगे जायजा

Ram Mandir: अयोध्या के कमिश्नर गौरव दयाल ने बताया कि रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डे का उद्घाटन करने के बाद, प्रधान मंत्री एक रोड शो करेंगे और एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा, पीएम रेल को हरी झंडी दिखाएंगे। उसके बाद पीएम मोदी एयरपोर्ट के बगल वाले ग्राउंड पर जनसभा को संबोधित करेंगे

अपडेटेड Dec 27, 2023 पर 7:19 PM
Ram Mandir: PM मोदी 30 दिसंबर को अयोध्या में भव्य रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन

Ram Mandir: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) 30 दिसंबर को अयोध्या (Ayodhya) में बन रहे भव्य रेलवे स्टेशन (Railway Station) और एयरपोर्ट (Airport) का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री 22 जनवरी, 2024 को राम मंदिर के भव्य उद्घाटन (Ram Mandir Inauguration) के लिए अयोध्या में की गई तैयारियों का भी निरीक्षण करेंगे। अयोध्या के कमिश्नर गौरव दयाल ने बताया कि रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डे का उद्घाटन करने के बाद, प्रधान मंत्री एक रोड शो करेंगे और एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।

उन्होंने कहा, "पीएम रेल को हरी झंडी दिखाएंगे। उसके बाद पीएम मोदी एयरपोर्ट के बगल वाले ग्राउंड पर जनसभा को संबोधित करेंगे। वह एयरपोर्ट से रेलवे स्टेशन तक का सफर तय करेंगे, तो यह रोड शो के रूप में होगा। उनके स्वागत के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं।"

चलेंगी 1000 से ज्यादा ट्रेन


22 जनवरी को राम मंदिर के उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर हैं। भारतीय रेलवे ने राम मंदिर के पहले 100 दिनों के दौरान अयोध्या आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से 1000 से ज्यादा ट्रेनें चलाने की घोषणा की है।

अयोध्या के प्रभु श्री राम के मंदिर के आकार में बन रहे रेलवे स्टेशन की साफ-सफाई और रंग-रोगन से लेकर निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण पर है।

भव्य रेलवे स्टेशन में लिफ्ट, एक टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर, चिकित्सा सुविधाएं शामिल होंगी। सभी तरह की व्यापक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। नवीनीकृत प्लेटफॉर्म, नए साइनबोर्ड, एस्केलेटर और दीवारों पर चित्रित भगवान राम की पेंटिंग, ये और बहुत कुछ चल रहे सुधार के बाद अयोध्या रेलवे स्टेशन की विशेषताएं होंगी।

कहा जाता है कि यह रेलवे स्टेशन जितना आधुनिक है, उतना ही इसका पौराणिक महत्व भी है। यह बाहर से एक भव्य मंदिर की तरह बना है और अंदर से उतनी ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है।

Ram Mandir Inauguration: मुस्लिम टेलर राम मंदिर के लिए तैयार कर रहे 40 फीट लंबा ध्वज, झंडा बनाने में लगा 115 मीटर कपड़ा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या राम मंदिर के उद्घाटन समारोह को लेकर की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा कर रहे हैं।

गौराव दयान ने कहा, "पहले चरण में तैयार हो चुके एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन का उद्घाटन 30 दिसंबर को होने जा रहा है। अनुमान के मुताबिक, 22 जनवरी के बाद रोजाना करीब 50,000-55,000 लोग अयोध्या आएंगे और प्रशासन इसकी तैयारी में जुटा हुआ है।"

रामायण के पात्रों की वेशभूषा में बच्चे अयोध्या में घर-घर गए और लोगों को अभिषेक समारोह के लिए आमंत्रित किया।

इस बीच, बीजेपी ने 1 जनवरी से राम मंदिर उत्सव के लिए एक अभियान चलाने का फैसला किया है, जिसमें बीजेपी कार्यकर्ता देश भर के सभी गांवों में घर-घर जाएंगे और दस करोड़ परिवारों को अयोध्या में राम मंदिर के लिए दीया लाइटिंग कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।