Six Airbags Mandatory: केंद्र सरकार ने गाड़ियों में 6 एयरबैग (Six Airbags) अनिवार्य करने के अपने प्रस्ताव को एक साल तक के लिए टाल दिया है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने गुरुवार को ये जानकारी दी। गडकरी ने बताया कि सरकार ने कारों में 6 एयरबैग अनिवार्य करने के प्रस्ताव को 1 अक्टूबर 2023, एक साल तक के लिए टालने का फैसला किया है।
नितिन गडकरी ने ट्वीट कर ये जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "गाड़ी की लागत और वेरिएंट से ज्यादा मोटर गाड़ियों में यात्रा करने वाले सभी यात्रियों की सुरक्षा है। उनकी सुरक्षा ही हमारी प्रथामिकता है।"
गडकरी ने लिखा, "ऑटो इंडस्ट्री के सामने आ रही ग्लोबल सप्लाई चेन में मुश्किलों और आर्थिक पहलू पर पड़ने वाले इसके गंभीर असर को ध्यान में रखते हुए, 01 अक्टूबर 2023 से पैसेंजर कारों (M-1 कैटेगरी) में कम से कम 6 एयरबैग अनिवार्य करने वाले प्रस्ताव को लागू करने का निर्णय लिया गया है।"
गडकरी ने पहले देश में कारों के लिए सुरक्षा मानदंडों को अपनाने की जरूरत पर जोर दिया था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि उन्हें छोटी कारों का इस्तेमाल करने वाले लोगों की सुरक्षा के बारे में भी सोचना चाहिए।
उन्होंने कहा, "भारत में ज्यादातर ऑटोमोबाइल निर्माता 6 एयरबैग वाली कार एक्सपोर्ट कर रहे हैं। लेकिन भारत में भी ये सुविधा देने को लेकर, आर्थिक मॉडल और लागत के कारण, वे झिझक रहे हैं।"
साइरस मिस्त्री की मौत के बाद उठे सवाल
वहीं टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की भीषण सड़क दुर्घटना में मौत के बाद, विशेषज्ञों और आलोचकों ने ट्रांसपोर्ट और ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में खामियों की ओर इशारा किया था।
कार में सफर करने वाले लोगों के लिए सीटबेल्ट के नियमों पर कभी न खत्म होने वाली अटकलों के बीच, सरकार ने सितंबर की शुरुआत में कार में सभी यात्रियों के लिए सीटबेल्ट लगाना अनिवार्य कर दिया था।
गाड़ी में अब आगे वाली सीट के साथ-साथ पीछे वाली सीट वाले यात्रियों को भी सीटबेल्ट लगानी होगी।इस नियम को न मानने वालों और उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।