Asian Games: भारतीय हॉकी टीम ने चीन में खेले जा रहे एशियन गेम्स प्रतियोगिता में चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तानी टीम को करारी मात दी है। इस दौरान भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने लाजवाब खेल का प्रदर्शन करते हुए चार गोल दागे। उनके इस चार गोल की बदौलत भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एक तरफा मुकाबले में 10-2 से हराया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह 2 पेनल्टी कॉर्नर के साथ-साथ 2 पेनल्टी स्ट्रोक हासिल करने में सफल रहे और उन्होंने पूरे खेल में भारत को प्रभावी प्रदर्शन करने में मदद की।
मैच में शुरु से ही रहा भारतीय टीम का दबदबा
इस मैच में शुरू से ही भारतीय टीम ने अपनी पकड़ को मजबूत करके रखा था। पहले हाफ में भारतीय टीम ने खुद के खिलाफ एक भी गोल नहीं होने दिया। वहीं भारतीय टीम ने मैच के पहले क्वार्टर में चार और दूसरे क्वार्टर में दो गोल दागे। हालांकि मैच के तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तानी टीम दो पेनाल्टी कॉर्नर हासिल करते हुए मैच में थोड़ी पकड़ बनाने की कोशिश की। पाकिस्तान की तरफ से अब्दुल वहीद अशरफ राणा और मोहम्मद सुफियान खान ने एक-एक पेनल्टी कॉर्नर बनाया।
भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तानी टीम के खिलाफ मजबूत डिफेंस को बनाये रखा। भारतीय टीम ने गोल पर भी अपना कंट्रोल बना कर रखा। इसके अलावा भारतीय टीम ने अंतिम क्वार्टर में भी कोई गोल नहीं होने दिया। वहीं मनदीप सिंह, सुमित, वरुण कुमार और शमशेर सिंह ओपन गोल करने में कामयाब रहे। पाकिस्तान खिलाफ इस शानदार जीत के बाद भारतीय टीम से गोल्ड मेडल जीतने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। भारतीय टीम अब पूल ए में बांग्लादेश की टीम से भिड़ेगी। यह मैच 2 अक्टूबर के दिन खेला जाएगा।
टेनिस में मिला भारतीय टीम को गोल्ड
वहीं टेनिस में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा जमाया। हालांकि पहले सेट में रुतुजा भोसले और रोहन बोपन्ना पिछड़ गए थे। पर चीनी खिलाड़ियों ताइपे की त्सुंग-हाओ हुआंग और एन-शुओ लियांग की जोड़ी के खिलाफ शानदार खेल दिखाते हुए 2-6, 6-3, 10-4 से जीत दर्ज की।