Ricky Ponting On Jasprit Bumrah: भारतीय क्रिकेट फेंस को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज का सबसे ज्यादा इंतजार है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली ये सीरीज 22 नवंबर से खेली जाएगी। पांच मैचों की इस टेस्ट सीरीज में को जीतकर ही भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाना चाहेगी। वहीं सीरीज के शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भारतीय टीम को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।
रिकी पोंटिंग ने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को कप्तान बनाने की सलाह दी है। बुमराह ने इससे पहले 2022 में बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ कप्तानी की थी।
रिकी पोंटिंग की टीम इंडिया को बड़ी सलाह
रिकी पोंटिंग ने जसप्रीत बुमराह को रोहित शर्मा के पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के शुरुआती टेस्ट से बाहर रहने की स्थिति में टीम की अगुआई करने की जिम्मेदारी संभालने का समर्थन किया है। हालांकि पोंटिंग ने कहा कि कप्तानी इस शीर्ष तेज गेंदबाज के लिए 'सबसे कठिन काम' होगा। ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज पोंटिंग ने ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि कप्तानी सबसे कठिन चीज है। बता दें कि पहले टेस्ट में रोहित की उपलब्धता पर संदेह बना हुआ है, जो 22 नवंबर से ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा। हाल ही में कप्तान रोहित शर्मा ने खुद स्वीकार किया था कि पहले टेस्ट में उनका रहना 'निश्चित नहीं' हैं।
रोहित की गौरमौजूदगी में बुमराह को कमान!
पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू पॉडकास्ट के दौरान बुमराह के बारे में कहा, "हां, यह (कप्तानी) शायद उनके लिए सबसे कठिन चीज है। मुझे लगता है कि जब पैट कमिंस ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान बने थे, तब भी उनके सामने हमेशा यही सवाल था कि वह खुद कितनी गेंदबाजी करने जा रहे हैं? लेकिन, जसप्रीत जैसा अनुभवी खिलाड़ी उन समयों को समझेगा जब उसे गेंदबाजी करने की जरूरत है, जब उसे स्पेल करने की जरूरत है।" अगर रोहित खेल से बाहर हो जाता है, तो टीम की अगुआई करने की जिम्मेदारी उप-कप्तान बुमराह पर होगी। पोंटिंग ने कहा कि 30 वर्षीय बुमराह के पास भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करते हुए कप्तानी की जिम्मेदारियों को संभालने के लिए भी काफी अनुभव है।