Get App

Vinesh Phogat: विनेश फोगाट के पेरिस ओलिंपिक से बाहर होने पर बृजभूषण शरण सिंह के बेटे का आया बयान

Vinesh Phogat Disqualified: जनवरी 2023 में विनेश फोगाट, ओलिंपिक मेडल विजेता बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक सहित उनके साथी पहलवान राष्ट्रीय राजधानी के जंतर मंतर पर एकत्र हुए। उन्होंने तत्कालीन भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के प्रमुख ब्रज भूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग की थी

अपडेटेड Aug 07, 2024 पर 5:26 PM
Story continues below Advertisement
Vinesh Phogat Disqualified: विनेश फोगट को पेरिस ओलिंपिक से अयोग्य ठहरा दिया गया है

Vinesh Phogat Disqualified: उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से बीजेपी सांसद और भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह ने पहलवान विनेश फोगाट को पेरिस ओलिंपिक में महिलाओं के 50 किग्रा इवेंट के फाइनल से पहले थोड़ा अधिक वजन होने के कारण अयोग्य ठहराए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि यह देश के लिए नुकसान है। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट करण भूषण सिंह ने कहा कि संघ इस पर विचार करेगा और देखेगा कि क्या किया जा सकता है। उन्होने संकेत दिया कि फेडरेशन इसके खिलाफ अपील कर सकता है।

बीजेपी सांसद ने न्यूज जेंसी एएनआई से कहा, "यह देश के लिए नुकसान है। महासंघ इस पर विचार करेगा और देखेगा कि क्या किया जा सकता है।" बुधवार को एक चौंकाने वाले उलटफेर में विनेश फोगट को ओलिंपिक से अयोग्य ठहरा दिया गया, क्योंकि महिलाओं के 50 किग्रा फाइनल से पहले उनका वजन अधिक पाया गया था। इससे वह गोल्ड मेडल के करीब पहुंचने से कुछ ही घंटों पहले पदक से वंचित रह गईं।

भारतीय ओलिंपिक संघ ने एक बयान में कहा, "यह खेदजनक है कि भारतीय दल महिला कुश्ती 50 किग्रा वर्ग से विनेश फोगट को अयोग्य घोषित किए जाने की खबर साझा करता है। रात भर टीम द्वारा किए गए सर्वश्रेष्ठ प्रयासों के बावजूद, आज सुबह उनका वजन 50 किग्रा से कुछ ग्राम अधिक था। इस समय दल द्वारा कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी। भारतीय दल आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करता है। वह अपने मौजूदा मुकाबलों पर ध्यान केंद्रित करना चाहेगा।"


खेल मंत्री ने संसद में दी जानकारी

सरकार ने बुधवार को लोकसभा को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलिंपिक में पहलवान विनेश फोगाट के प्रतियोगिता से बाहर होने के मामले में IOA को जरूरी कार्रवाई के लिए कहा है। खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया ने विनेश फोगाट के मामले में सदन में दिए बयान में कहा कि आईओए की प्रमुख पीटी उषा पेरिस में ही हैं और प्रधानमंत्री ने उनसे खुद बात की है।

मांडविया ने कहा कि विनेश का वजन 50 किलोग्राम से 100 ग्राम अधिक पाया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में भारतीय ओलिंपिक संघ ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती संघ से कड़ा विरोध भी दर्ज कराया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "भारतीय ओलिंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा भी पेरिस में हैं। प्रधानमंत्री ने स्वयं उनके साथ बातचीत करके उचित कार्रवाई के लिए उन्हें कहा है।"

उन्होंने कहा कि विनेश मंगलवार को तीन मुकाबले जीतकर फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान बनी थीं और जहां तक ओलिंपिक की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता का प्रश्न है तो भारत सरकार ने आवश्यकता के अनुसार विनेश की हरसंभव मदद की है।

सरकार ने हर तरफ से की सहायता

मांडविया ने कहा कि विनेश के लिए विशेष स्टाफ नियुक्त किए गए हैं, जो अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ हैं। मंत्री के अनुसार उनके साथ हंगरी के विख्यात कोच वोलर आकोस और फीजियो अश्विनी पाटिल हमेशा रहते हैं। मांडविया ने कहा कि विभिन्न ट्रेनिंग शिविरों के लिए दी गई वित्तीय सहायता के अलावा उन्हें रीहैब (स्वास्थ्य लाभ) प्रक्रिया के तहत आवश्यक उपकरण खरीदने के लिए भी सहायता प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि विनेश को पेरिस ओलिंपिक के लिए कुल 70,45,775 रुपये की सहायता दी गई है, जिनमें टार्गेट ओलिंपिक पोडियम स्कीम में 53,35,746 रुपये और वार्षिक ट्रेनिंग एवं स्पर्धा कैलेंडर में करीब 17.10 लाख रुपये शामिल हैं। मांडविया ने कहा कि 2020 के टोक्यो ओलिंपिक में भी उन्हें 1,13,98,224 रुपये की सहायता दी गई थी।

ये भी पढ़ें- 'उसमें आपसे ज्यादा हिम्मत है': विनेश फोगाट पर पोस्ट को लेकर ट्रोल हुए जयंत सिंह, RLD चीफ ने अब यूं दिया जवाब

विनेश को महिलाओं की 50 किलोग्राम कुश्ती स्पर्धा के फाइनल से पहले वजन अधिक पाए जाने के कारण बुधवार को ओलिंपिक से अयोग्य घोषित कर दिया गया। विनेश ने ओलिंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनकर इतिहास रचा था। सुबह तक उनका कम से कम रजत पदक पक्का लग रहा था, लेकिन अब वह बिना किसी पदक के लौटेंगी।

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Aug 07, 2024 5:18 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।