Chess World Champion D Gukesh : खेलों की बात करें तो भारत में क्रिकेट की लोकप्रियता के आगे और कोई दूसरा खेल आसपास भी नहीं टिकता है। क्रिकेट खिलाड़ियों को शोहरत के साथ ही साथ पैसे भी छप्पर फाड़ के मिलते हैं। हमारे देश में दूसरे खेलों में भी कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो भारत का नाम पूरी दुनिया में रौशन कर रहे हैं। उन्हीं खिलाड़ियों में शंतरज के खिलाड़ी डी गुकेश का नाम सबसे ऊपर आता है। पिछले साल 18 साल के डी गुकेश ने वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप जीतकर दुनिया के सबसे युवा चेस चैंपियन बने थे। वहीं चैंपियन बनने के बाद डी गुकेश पैसों की बारिश हुई और एक बड़ा प्राइस मनी मिली।
गुकेश पर हुई पैसों की बारिश
चेस.कॉम की एक रिपोर्ट में 2024 में गुकेश द्वारा अर्जित कुल पुरस्कार राशि का खुलासा किया गया है। पुरस्कार राशि के मामले में, गुकेश ने 15,77,842 अमेरिकी डॉलर कमाए, जो लगभग 13.6 करोड़ रुपये के बराबर है। इस राशि में गुकेश को तमिलनाडु सरकार से मिली राशि शामिल नहीं है। जिन्हें नहीं पता, उन्हें बता दें कि तमिलनाडु सरकार ने पहले घोषणा की थी कि वह विश्व चैंपियनशिप जीतने के लिए गुकेश को 5 करोड़ रुपये देगी। गुकेश के स्कूल, वेल्लामल विद्यालय ने भी उन्हें कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतने के बाद मर्सिडीज-बेंज ई क्लास उपहार में दी।
अमेरिकी राष्ट्रपति से ज्यादा कमाई
वहीं कमाई के मामले में चेस खिलाड़ियों में डिंग लिरेन इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। चीनी खिलाड़ियों डिंग लिरेन ने 11,83,600 अमेरिकी डॉलर कमाए। चेस.कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में केवल दो खिलाड़ी एक मिलियन डॉलर से अधिक जीतेंगे, जबकि छह खिलाड़ियों ने 4,00,000 अमेरिकी डॉलर कमाए। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति सालाना 4,00,000 अमेरिकी डॉलर कमाते हैं। इसके अलावा खर्च के लिए 50,000 अमेरिकी डॉलर, यात्रा के लिए 1,00,000 अमेरिकी डॉलर और मनोरंजन के लिए 19,000 अमेरिकी डॉलर मिलते हैं। इस तरह देखें तो गुकेश ने पिछले साल अमेरिकी राष्ट्रपति को मिलने वाली सैलरी से ज्यादा इनामी राशि जीती। वहीं Chess.com की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि गुकेश समेत कुल 17 खिलाड़ियों ने 2024 में 1,00,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक जीते। इस लिस्ट में भारत की कोनेरू हम्पी समेत दो महिलाएं भी शामिल हैं।