उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को 36वें राष्ट्रीय खेल (36th National Games) में भाग लेने जा रहे यूपी के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें जीत की शुभकामनाएं देने के साथ-साथ बड़ा तोहफा भी दिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने राज्य के एथलीटों के लिए एसी थ्री टियर ट्रेन में मुफ्त यात्रा की घोषणा की।
यूपी के खिलाड़ियों के लिए 2 फीसदी सीटें सरकार द्वारा आरक्षित की जाएंगी। सीएम योगी के इस ऐलान के बाद अब राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आवागमन के लिए रेलवे की एसी थ्री टियर कोच की सुविधा भी मिलेगी। 36वें राष्ट्रीय खेल में प्रतिभाग करने जा रहे उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों से मंगलवार को संवाद के दौरान मुख्यमंत्री की इस घोषणा का खिलाड़ियों ने स्वागत किया है।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने गुजरात में आयोजित 36वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे होनहार खिलाड़ियों को उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह खुशी की बात है इस बार के राष्ट्रीय खेल में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों की अब तक की सबसे बड़ी टीम रवाना होने वाली है।
सीएम योगी ने कहा कि पिछली बार जहां यूपी ने 20 खेल स्पधार्ओं में हिस्सा लेकर 68 मेडल प्राप्त किए थे। वहीं, इस बार 28 खेलों में उत्तर प्रदेश भाग ले रहा है। यह सकारात्मक बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में खेल के प्रति बढ़ी जागरूकता का ही परिणाम है।
खेलों के इस राष्ट्रीय कुंभ में भाग लेने जा रहे 462 सदस्यीय दल को 'टीमवर्क' का मंत्र देते हुए सीएम योगी ने सभी के शानदार प्रदर्शन के प्रति विश्वास जताया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार राज्य के लिए पदक लाने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। ऐसे लगभग 500 पदों पर भर्ती शुरू हो चुकी है।