Coronavirus: स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा- अन्य देशों के मुकाबले भारत ने COVID-19 के Omicron वेरिएंट से बेहतर तरीके से निपटा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 15 मार्च को खत्म हुए सप्ताह में औसतन 3,536 मामले आए, संक्रमण के वैश्विक मामलों में भारत का योगदान केवल 0.21 प्रतिशत रहा

अपडेटेड Mar 17, 2022 पर 1:57 PM
सरकार ने कहा कि भारत इसके प्रसार को रोकने में कामयाब रहा, जिससे अस्पतालों में कम संख्या में मरीज भर्ती हुए और पहले के मुकाबले कम मौतें हुईं

Coronavirus: केंद्र सरकार ने गुरुवार को कहा कि कोरोना वायरस के ओमीक्रोन वेरिएंट से दुनियाभर में आए संक्रमण के मामले पिछली लहरों के मुकाबले छह गुना अधिक थे, लेकिन भारत इसके प्रसार को रोकने में कामयाब रहा, जिससे अस्पतालों में कम संख्या में मरीज भर्ती हुए और पहले के मुकाबले कम मौतें हुईं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 15 मार्च को खत्म हुए सप्ताह में औसतन 3,536 मामले आए। संक्रमण के वैश्विक मामलों में भारत का योगदान केवल 0.21 प्रतिशत रहा। उसने कहा कि कई देशों में अब भी मामले बढ़ रहे हैं जो पिछली लहरों के मुकाबले अधिक हैं।

वैक्सीनेशन अभियान में मिली मदद


न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कोविड-19 से निपटने में भारत की जन स्वास्थ्य प्रतिक्रिया पर एक वेबिनार में कहा कि भारत में न केवल मामले बहुत कम आए बल्कि निरंतर प्रयासों से जल्द ही मामलों में गिरावट आनी शुरू हो गई। भारत अन्य देशों के मुकाबले ओमीक्रोन से अच्छी तरह से निपटा।

ये भी पढ़ें- Covid-19: दुनिया के कई देशों में एक बार फिर तेजी से पैर पसार रहा कोरोना, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने दिए ये खास निर्देश

अधिकारियों ने बताया कि भारत में तेजी से चल रहे वैक्सीनेशन अभियान के साथ ही रोकथाम के प्रभावी उपायों और मामलों की जल्द पहचान किए जाने के कारण कोरोना वायरस की तीसरी लहर के दौरान अस्पतालों में कम संख्या में मरीज भर्ती हुए और कम मौतें हुईं।

फ्रांस से 12.7 गुना अधिक भारतीयों को लगा वैक्सीन

उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर 2021 तक भारत में 90.8 प्रतिशत आबादी को कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज दे दी गई और 65.4 प्रतिशत को दूसरी डोज दे दी गई जो जिंदगियों को बचाने में अहम साबित हुई। भारत ने वैक्सीन की 180 करोड़ से अधिक डोज दे दी हैं जो अमेरिका से 3.2 गुना और फ्रांस से 12.7 गुना अधिक है।

मंत्रालय के अनुसार, 96.74 करोड़ वयस्क लाभार्थियों ने भारत में कम से कम पहली डोज ले ली है जो अमेरिका में दी गई डोज से 2.96 गुना और रूस में दी गई डोज से 6.71 गुना अधिक है। मंत्रालय ने कहा कि समय से वैक्सीनेशन, चेहरे पर मास्क पहनना और कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन करना जारी है। उसने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में बढ़त हासिल करने के लिए गैर लाभकारी संगठनों से साझेदारी करना महत्वपूर्ण है।

कई देशों में एक बार फिर तेजी से पैर पसार रहा कोरोना

बता दें कि दुनिया के कई देशों में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामलों में तेजी देखने को मिल रही है। चीन, हांगकांग, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया सहित दुनिया के कई देशों ने हाल ही में कोरोनावायरस संक्रमणों में वृद्धि की सूचना मिली है। हालांकि चीन में कोविड का प्रकोप इस सप्ताह धीमा होता दिख रहा है। लेकिन दक्षिण कोरिया का दैनिक कोविड -19 संक्रमण रिकॉर्ड 621,328 पर पहुंच गया है। वहीं, अमेरिका में भी कोरोना मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री ने की हाई लेवल मीटिंट

कुछ यूरोपीय और पूर्वी एशियाई देशों में कोविड-19 मामलों में वृद्धि के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया (Mansukh Mandaviya) ने बुधवार को अधिकारियों को उच्च स्तर की सतर्कता और निगरानी बनाए रखने और जीनोमिक अनुक्रमण को आक्रामक रूप से करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक में 27 मार्च से निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें फिर से शुरू करने के सरकार के फैसले, वैक्सीनेशन की स्थिति और जीनोमिक निगरानी के स्तर की समीक्षा की गई।

एक आधिकारिक सूत्र ने कहा कि चीन, सिंगापुर, हांगकांग, वियतनाम और कुछ यूरोपीय देशों में बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि मंत्री ने आक्रामक जीनोमिक अनुक्रमण, उच्च निगरानी और उच्च स्तर की सतर्कता का निर्देश दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।