मैदान पर कैसे गेंदबाजों की वॉट लगा रहे अभिषेक शर्मा? पिता ने युवराज सिंह लेकर किया ये खुलासा

भारतीय क्रिकेट का नया उभरता सितारा अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप के बाद जुलाई 2024 में डेब्यू किया था। इसके बाद से 17 मैचों में 193.84 के स्ट्राइक रेट से 535 रन बना चुके हैं। इसमें वह 41 छक्के और 46 चौके लगा चुके हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उनकी खेली गई पारी को तो कोई भी नहीं भूल सकता है। वहीं इस पारी के बाद अभिषेक शर्मा के पिता राज कुमार शर्मा ने युवराज सिंह को लेकर बड़ा खुलासा किया है

अपडेटेड Feb 04, 2025 पर 5:25 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अभिषेक शर्मा के पिता ने किया बड़ा खुलासा

Abhishek Sharma And Yuvraj Singh :  टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की इस समय हर तरफ चर्चा हो रही है। पिछले दिनों मुंबई के वानखेडे़ स्टेडियम में अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ ताबड़तोड़ पारी खेली थी। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए इस टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने महज 54 गेंदों में 135 रनों की धुंआधार पारी खेली थी और 13 छक्के लगाए थे। इस पारी के बाद लोग उन्हें भविष्य का युवराज सिंह बताने लगे हैं। अभिषेक के पिता राज कुमार शर्मा ने अपने बेटे को इस मुकाम तक पहुंचाने के पीछे महान भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह का हाथ बताया और कहा कि उनकी ट्रेनिंग में ही अभिषेक में ये निखार आया है।

लॉकडाउन में युवराज ने की काफी मदद

अभिषेक शर्मा के पिता राज कुमार शर्मा ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए अपने बेटे के सफलता का श्रेय युवराज सिंह को दिया। उन्होंने बताया कि, युवराज सिंह ने कैसे अभिषेक को लॉकडाउन के दौरान ट्रेनिंग दी। राज कुमार शर्मा ने बताया कि, लॉकडाउन के दौरान युवराज सिंह ने अभिषेक को एक रूटीन दी थी और इस रूटीन का अभिषेक अभी भी पालन करते हैं। उन्होंने कहा, “युवराज ने उसे चलना सिखाया है। रात के दिन इसके पीछे लगे रहे। उन्होंने हमेशा उनकी ट्रेनिंग का ध्यान रखा है। वह मोहाली, चंडीगढ़, गुड़गांव या मुंबई जहां भी रहे उसे बुलाया है। युवराज ने उन्हें यह भरोसा दिलाया कि वह भारत के लिए मैच जीत सकते हैं।"

युवराज के रूटीन को आज करते हैं फॉलो

राजकुमार शर्मा ने आगे बताया कि, उनका बेटा आज भी युवराज के दिए गए रूटीन के मुताबिक सुबह 4 बजे उठता है। वह पहले मेडिटेशन और योग करता है उसके बाद तैराकी, जिम से शुरुआत करने के बाद बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग करता है। यह उसकी चार-पांच साल से यही रूटीन है। उन्होंने आगे बताया कि, दोनों हर दिन रात में एक घंटे तक बात करते हैं। युवराज के बारे में मैं और क्या कह सकता हूँ? न केवल क्रिकेट, बल्कि उन्होंने एक व्यक्ति के रूप में भी उन्हें निखारने में काफी मदद की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।