क्रिकेटर केविन पीटरसन का PAN कार्ड हुआ गुम, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने दिया ये जवाब

केविन पीटरसन ने अपना पैन कार्ड खोने पर भारत से मदद की गुहार लगाई है। इसमें उन्होंने पीएम मोदी को भी टैग किया है

अपडेटेड Feb 16, 2022 पर 10:56 AM
केविन पीटरसन का खो गया पैन कार्ड

Kevin Pietersen: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और धुरंधर बल्लेबाज केविन पीटरसन (Kevin Pietersen) का पैन कार्ड कहीं खो गया है। इसके बाद उन्होंने भारत से मदद मांगी है। पीटरसन ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने इसमें भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी टैग किया है। इस पर भारतीय इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने पीटरसन को मदद करने की पेशकश भी की है। उन्होंने कहा कि भारत आने से पहले मुझे इस कार्ड की बेहद जरूरत है।

पीटरसन इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और इसके बाद वो इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League -IPL) को कवर करने के लिए नियमित रूप से भारत आते रहते हैं।

केविन पीटरसन ने ट्वीट करते हुए लिखा- भारत कृपया मदद करें। मेरा पैनकार्ड कहीं हो खो गया है और मुझे भारत आना है, लेकिन काम के लिए फिजिकल कार्ड की जरूरत है। क्या कृपया कोई ऐसे व्यक्ति के पास भेज सकता है, जिससे मैं अपनी सहायता के लिए संपर्क कर सकूं? इसके आगे उन्होंने पीएम मोदी को टैग किया है। इस पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने भी रिप्लाई करते हुए बताया कि कैसे वह पैन कार्ड वापस पा सकते हैं। बता दें कि विदेशी सहित कोई भी व्यक्ति जो भारत में कमाई कर रहा है उसे टैक्स भरने के लिए पैन कार्ड होना जरूरी है।


भारतीय इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने अपने जवाब में कहा है कि अगर आपके पास पैन कार्ड की डिटेल है, तो आप इन जगहों पर अप्लाई कर अपना फिजिकल पैन कार्ड पा सकते हैं। आईटी विभाग ने दो लिंक शेयर किए हैं।

इसमें 'https://www.tin-nsdl.com/services/pan/pan-index.html'

और 'https://www.pan.utiitsl.com/PAN/mainform.html' शामिल है।

इसके आगे उन्होंने लिखा- अगर आपको पैन कार्ड के बारे में कुछ याद नहीं है और फिजिकल कार्ड के लिए पैन का एक्सेस चाहिए तो आप हमें इस ई-मेल पर भी लिख सकते हैं- 'adg1.systems@incometax.gov.in, jd.systems1.1@incometax.gov.in'। इस पर पीटरसन ने जवाब देते हुए इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का धन्यवाद किया है। और कहा- जानकारी के लिए शुक्रिया। मैंने आपको ईमेल किया है। मैंने आपको फॉलो भी किया है। अगर मुझे कोई पर्सनल मैसेज करे तो मैं उससे कुछ बात करना चाहता हूं।

पीटरसन ने साल 2005 से 2014 तक तीनों प्रारूपों (three formats) के मैच खेले हैं। उन्होंने कप्तानी भी की है। उन्होंने साल 2004 में जिम्बाब्बे के खिलाफ वनडे मैच में इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने करियर की शुरुआत की। इसके साथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2005 में एशेज सीरीज में अपने टेस्ट मैच की शुरुआत की। IPL में भी वह कमेंट्री पैनल से जुड़े हुए हैं। पीटरसन IPL में दिल्ली डेयरडेविल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, सनराइजर्स हैदराबाद, डेक्कन चार्जर्स और पुणे सुपरजाएंट्स जैसी टीमों से खेल चुके हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।