CWG 2022: बैडमिंटन में भारत के नाम एक और गोल्ड, लक्ष्य सेन ने पुरुष सिंगल्स में जीता सोना

CWG 2022: लक्ष्य सेन ने पहला गेम गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए मलेशिया के दुनिया के 42वें नंबर के खिलाड़ी एनजी टीजे योंग को 19-21, 21-9, 21-16 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में पदार्पण करते हुए स्वर्ण पदक जीता

अपडेटेड Aug 08, 2022 पर 5:39 PM
CWG में लक्ष्य सेन ने पुरुष सिंगल्स में जीता गोल्ड मेडल

CWG 2022: बर्मिंघम (Birmingham) में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games 2022) में भारत ने बैडमिंटन (Badminto) में आज एक और गोल्ड हासिल किया है। भारत के लक्ष्य सेन (Lakshya Sen) ने सोमवार को यहां फाइनल में मलेशिया के एनजी टीजे योंग को 19-21, 21-9, 21-16 से हराकर बैडमिंटन पुरुष सिंगल्स का गोल्ड मेडल (Gold Medal) जीता है।

दो युवा खिलाड़ियों के बीच हुए पुरुष सिंगल्स फाइनल में दुनिया के 10वें नंबर के खिलाड़ी और विश्व चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडल विजेता लक्ष्य सेन ने पहला गेम गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए मलेशिया के दुनिया के 42वें नंबर के खिलाड़ी एनजी टीजे योंग को 19-21, 21-9, 21-16 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में पदार्पण करते हुए स्वर्ण पदक जीता। बाइस साल के योंग के खिलाफ 20 साल के लक्ष्य की यह लगातार तीसरी जीत है।

इससे पहले सिंधू ने मिशेल के खिलाफ 11 मैच में नौवीं जीत दर्ज की। सिंधू का राष्ट्रमंडल खेलों में यह तीसरा व्यक्तिगत पदक है। उन्होंने 2018 गोल्ड कोस्ट खेलों में भी रजत पदक जीता था।


भारत बर्मिंघम खेलों की बैडमिंटन प्रतियोगिता में पांच पदक जीत चुका है। सोमवार को दो स्वर्ण से पहले मिश्रित टीम के रजत पदक के अलावा किदांबी श्रीकांत ने पुरुष एकल जबकि त्रीशा जॉली और गायत्री गोपचंद की जोड़ी ने महिला युगल में कांस्य पदक जीता।

कैसा रहा पूरा मैच?

पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य ने शानदार शुरुआत करते हुए लगातार चार अंक के साथ 5-2 की बढ़त बनाई, लेकिन मलेशियाई खिलाड़ी ने वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया।

लक्ष्य को मलेशियाई खिलाड़ी की तेजी से सामंजस्य बैठाने में परेशानी हो रही थी। योंग ने लक्ष्य को कोर्ट में खूब दौड़ाया जबकि भारतीय खिलाड़ी ने कुछ सहज गलतियां भी की। लक्ष्य ने सर्विस फाउल किया और फिर बाहर शॉट मारकर योंग को ब्रेक तक 11-9 की बढ़त बनाने का मौका दिया।

योंग ने रैली में दबदबा बनाया, लेकिन लक्ष्य ने वापसी करते हुए स्कोर 15-16 कर दिया। लक्ष्य ने इसके बाद एक शॉट बाहर मारा और एक नेट पर उलझाया जिससे योंग 18-15 से आगे हो गए। लक्ष्य ने इसके बाद लगातार चार अंक जुटाकर 19-18 की बढ़त बनाई।

योंग ने 19-19 के स्कोर पर क्रॉस कोर्ट स्मैश के साथ गेम प्वाइंट हासिल किया। फिर लक्ष्य ने शटल को बाहर जाता समझकर छोड़ दिया, लेकिन यह कोर्ट के अंदर गिरी और मलेशिया के खिलाड़ी ने पहला गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में भी योंग ने अपनी तेजी और लय बरकरार रखी। उन्होंने लक्ष्य की गलतियों का फायदा उठाकर 6-4 की बढ़त बनाई। लक्ष्य बार-बार वापसी करते, लेकिन फिर नेट पर या बाहर शॉट मारकर योंग को बढ़त बनाने का मौका दे देते। लक्ष्य ने 6-8 के स्कोर पर लगातार चार अंक के साथ 10-8 की बढ़त बनाई और ब्रेक तक 11-9 से आगे थे।

CWG 2022: पीवी सिंधू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला सिंगल्स बैडमिंटन में गोल्ड मेडल जीता

लक्ष्य ने नेट पर बेहतर खेल दिखाया और कुछ अच्छे स्मैश लगाते हुए लगातार 11 अंक के साथ दूसरा गेम 21-9 से जीतकर स्कोर 1-1 कर दिया।

तीसरे और निर्णायक गेम में पहले दो अंक योंग की झोली में गए लेकिन लक्ष्य ने अगले सात में से छह अंक जीतकर 6-3 की बढ़त बना ली। योंग दूसरे गेम में ब्रेक के बाद थके हुए नजर आए। लक्ष्य ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए अंक जुटाए और ब्रेक तक 11-7 से आगे थे।

योंग ने लगातार दो शॉट नेट पर और एक शॉट बाहर मारा जिससे लक्ष्य 15-9 से आगे हो गए। योंग ने स्कोर 12-15 किया लेकिन लक्ष्य ने फिर 18-13 की बढ़त बना ली। लक्ष्य ने योंग के बाहर शॉट मारने पर चार चैंपियनशिप प्वाइंट हासिल किए और फिर क्रॉस कोर्ट स्मैश के साथ खिताब जीत लिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।