Commonwealth Games 2022: भारतीय मुक्केबाज नीतू घंघास (Boxer Nitu Ganghas) ने बर्मिंघम (Birmingham) में राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games) में भारत को 14वां गोल्ड दिलाया है। बॉक्सर नीतू गंगस ने CWG 2022 में महिलाओं के मिनिममवेट कैटेगरी यानी 45 से 48 किलोग्राम में स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीता हैं।
नीतू घंघास ने मेजबान इंग्लैंड की रेस्जटान डेमी जेड को 5-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।
वहीं भारतीय मुक्केबाज अमित पंघाल ने 48-51 किलोग्राम वेट कैटेगरी में इंग्लैंड के कियारन मैकडोनाल्ड को 5-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीता है।
इन दोनों मुक्केबाजों ने अपने मुकाबलों के फाइनल में मेजबान देश इंग्लैंड के प्रतिद्वंद्वी को पराजित किया।
पंघाल ने इस तरह पिछले चरण के रजत पदक का रंग बेहतर किया। उन्होंने पुरूषों के फ्लाईवेट (48-51 किलोग्राम) वर्ग में यूरोपीय चैम्पियनशिप के सिल्वर मेडल विजेता मैकडोनल्ड कियारान को 5-0 के अंतर से मात दी।
सबसे पहले रिंग में उतरी नीतू ने महिलाओं के मिनिममवेट (45-48 किग्रा) वर्ग के फाइनल में रेस्जटान डेमी जेड को और फिर पंघाल ने पुरूषों के फ्लाईवेट (48-51 किग्रा) वर्ग में मैकडोनल्ड कियारान को एक समान 5-0 के अंतर से हराकर गोल्ड मेडल जीता है।
विश्व चैम्पियनशिप के रजत पदक विजेता और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पंघाल अपने छोटे कद के बावजूद मुकाबले में दोनों मुक्केबाजों में बेहतर दिखायी दिये।
राष्ट्रमंडल खेलों में पदार्पण में ही नीतू ने गजब का आत्मविश्वास दिखाया और फाइनल में भी वह इसी अंदाज में खेली जैसे पिछले मुकाबलों में खेली थीं।
उन्होंने पूरे नौ मिनट तक मुकाबले के तीनों राउंड में नियंत्रण बनाये रखा और विपक्षी मुक्केबाज को कहीं भी कोई मौका नहीं दिया। नीतू ने तेज तर्रार, सटीक मुक्कों से प्रतिद्वंद्वी को चारों खाने चित्त कर दिया।