ICC के इवेंट में महिला और पुरुष क्रिकेट टीमों के लिए प्राइज मनी बराबर होगी

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने महिला और पुरुष टीमों की प्राइज मनी बराबर रखने का फैसला किया है। यह फैसला दक्षिण अफ्रीका के डर्बन में आयोजित ICC की सालाना कॉन्फ्रेंस में लिया गया। अब महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को उतनी ही प्राइज मनी दी जाएगी, जितनी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड, टी-20 वर्ल्ड कप और अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को दी जाती है

अपडेटेड Jul 13, 2023 पर 10:19 PM
ICC ने क्रिकेट में अब तक के सबसे बड़े इनवेस्टमेंट की भी पुष्टि की है।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने महिला और पुरुष टीमों की प्राइज मनी बराबर रखने का फैसला किया है। काउंसिल के मुताबिक, ICC के किसी भी इवेंट में महिला और पुरुष टीमों के लिए पुरस्कार राशि एक समान होगी। यह फैसला दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के डर्बन (Durban) शहर में आयोजित ICC (आईसीसी) की सालाना कॉन्फ्रेंस में लिया गया।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल का कहना है कि  उसने  2030 के तय लक्ष्य से पहले ही पुरुष और महिला टीमों के लिए पुरस्कार राशि बराबर रखने का अपना वादा पूरा कर दिया है। महिला और पुरुष टीमों को अब किसी भी इवेंट में प्राइज मनी बराबर मिलेगी। ICC के चेयरमैन ग्रेग बार्कले (Greg Barclay) ने बताया, 'यह हमारे खेल के इतिहास में महत्वपूर्ण क्षण है और मुझे इस बात की हार्दिक खुशी है कि ICC के ग्लोबल इवेंट में महिला और पुरुष क्रिकेटर को इनाम की राशि बराबर मिलेगी।

ODI World Cup 2023 की कर लीजिए एडवांस में तैयारी, ईडन गार्डन में मैच देखने के लिए देने होंगे इतने पैसे

साल 2017 से हमने हर साल महिलाओं के इवेंट के लिए प्राइज मनी में बढ़ोतरी की है। हालांकि, अब महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को उतनी ही प्राइज मनी दी जाएगी, जितनी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड, टी-20 वर्ल्ड कप और अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर दी जाती है।'


उन्होंने कहा, 'क्रिकेट वास्तव में सबका खेल है और ICC बोर्ड का यह फैसला इस बात की पुष्टि करता है कि इस खेल में हर खिलाड़ी के योगदान को महत्व दिया जाता है।' ICC बोर्ड ने क्रिकेट में अब तक के सबसे बड़े इनवेस्टमेंट की भी पुष्टि की है। इसके तहत अगले 4 साल के लिए डिस्ट्रीब्यूशन मॉडल को लेकर सहमति बनी है। ICC के हर सदस्य को अब ज्यादा फंड मिलेगा, ताकि क्रिकेट काउंसिल की ग्लोबल ग्रोथ स्ट्रैटेजी को ध्यान में रखते हुए काम किया जा सके।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।