IND vs PAK, Champions Trophy 2025: आईसीसी टूर्नामेंट में जब भी भारत और पाकिस्तान एक दूसरे के आमने-सामने आते हैं, तो मैच का रोमांच अपने चरम पर पहुंच जाता है। दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैच का फैंस बेसब्री से इंतजार करते हैं। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान एक दूसरे के आमने-सामने होंगे। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पांचवा मुकाबला चिर प्रतिद्वंदी भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला 23 फरवरी को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में मिली हार का बदला लेने का अच्छा मौका भारत के पास है। इस मुकाबले को जीत कर भारत अपने आठ साल पुराना हिसाब चुकता करना चाहेगी। आइए मैच से पहले जानते हैं कौन सी टीम का पलड़ा ज्यादा भारी है और कैसा रहेगा दुबई का मौसम।
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला
भारत और पाकिस्तान का मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा। भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की है, जबकि पाकिस्तान अपना पहला मैच हार चुका है। भारत ने पहले मैच में बांग्लादेश को हराकर ग्रुप ए में दूसरा स्थान पाया, जबकि पाकिस्तान न्यूजीलैंड से हारकर सबसे नीचे है। अगर पाकिस्तान भारत से भी हार जाता है, तो उसका टूर्नामेंट से बाहर होना लगभग तय हो जाएगा।
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। हाल के हुए वनडे मैचों में यहां ज्यादा रन नहीं बने हैं। भारत-बांग्लादेश मैच में भी बल्लेबाजों को काफी मुश्किल हुई थी। दुबई में अब तक सिर्फ चार टीमें ही वनडे में 300 रन का आंकड़ा छू पाई हैं। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 219 रहता है, इसलिए 250 से ज्यादा का स्कोर अच्छा माना जाएगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच 23 फरवरी को दुबई में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी मैच में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, भारत के पहले मैच से कुछ दिन पहले यहां बारिश हुई थी। दोपहर में हल्के बादल रह सकते हैं। तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है और रात में 23 डिग्री तक गिर सकता है।