Champions Trophy 2025 : चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए टीम इंडिया के स्क्वॉड का ऐलान हो गया है। इस टूर्नामेंट के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम में कई स्टार खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। हालांकि, सेलेक्टर्स ने टीम चुनते समय कुछ चौंकाने वाले फैसले भी लिए। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर खबर आई थी कि पीठ में सूजन के कारण वो कुछ समय के लिए क्रिकेट से दूर रह सकते हैं। ऐसी भी खबरें आईं कि बुमराह, चैंपियंस ट्रॉफी में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। वहीं आज टीम के ऐलान में जसप्रीत बुमराह का नाम प्रमुखता से लिया गया, पर उनकी फिटनेस पर अभी सवाल खड़े हो रहे हैं।
चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने शनिवार को बताया कि जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों के लिए फिट नहीं हो पाएंगे। इसके चलते हर्षित राणा को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया, क्योंकि बुमराह की फिटनेस को लेकर मेडिकल टीम से अपडेट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जसप्रीत बुमराह को लेकर भी पूछे गए सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि, जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर अभी तक स्थिति साफ नहीं है। अजीत अगरकर ने बताया कि इसके लिए फरवरी की शुरुआत तक का इंतजार करन होगा। रोहित शर्मा हम जसप्रीत बुमराह की फिटनेस का इंतजार कर रहे हैं और बीसीसीआई की मेडिकल टीम से फरवरी की शुरुआत में उनकी स्थिति के बारे में पता चलेगा।
इस दिन आएगी फिटनेस पर रिपोर्ट
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के आखिरी मैच के दौरान जसप्रीत बुमराह चोटिल हो गए थे। मैच के बीच में उन्हें स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया था। अब, 2 फरवरी को बुमराह फिर से स्कैन से गुजरेंगे, जिसके बाद ही यह तय किया जाएगा कि वह चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेंगे या नहीं। अगर बुमराह इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बनते हैं, तो टीम के स्क्वॉड में बदलाव किया जाएगा।
रोहित की कप्तानी में चौथा टूर्नामेंट खेलेगी टीम
बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025, टीम इंडिया का रोहित के कप्तानी में लगातार चौथा ICC टूर्नामेंट होगा। कप्तान के रूप में उनकी पहला ICC टूर्नामेंट 2022 टी20 वर्ल्ड कप था, इस टूर्नामेंट में टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी। 37 वर्षीय रोहित ने 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में टीम की कमान संभाली थी, वहीं रोहित की ही कप्तानी में टीम 2024 टी20 वर्ल्ड कप की विजेती रही थी। भारत ने 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल के बाद से सिर्फ तीन वनडे खेले हैं, जिसमें 2-1 से टीम इंडिया को श्रीलंका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। चैंपियंस ट्रॉफी के शुरू होने से टीम इंडिया तीन मैचों की वनडे सीरीज में इंग्लैंड का सामना करेगी।
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उप कप्तान), विराट कोहली, हार्दिक पंड्या, श्रेयस अय्यर, कुलदीप यादव, केएल राहुल, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, रवींद्र जडेजा, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, मोहम्मद शमी