India vs Pakistan, Champions Trophy 2025 : भारत और पाकिस्तान के बीच चैम्पियंस ट्रॉफी का मुकाबला दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने इस मुकाबले में पहले गेंदबाजी कर रही है। वहीं मैच में फिलहाल भारतीय गेंदबाजों के आगे पाकिस्तानी बल्लेबाजी पस्त नजर आ रही है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम का स्कोर 42.5 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 200 रन है। वहीं मैच के दौरान सोशल मीडिया पर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
धोनी के साथ मैच देखने पहुंचे सनी देओल
बता दें कि भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीम चैंपियंस ट्रॉफी में एक-दूसरे से भिड़ रही हैं। आम लोग ही नहीं, फिल्म स्टार्स भी इस रोमांचक मैच का आनंद ले रहे हैं। सनी देओल, जो अपनी अगली फिल्म 'जाट' के प्रमोशन में व्यस्त हैं और वो भी इस मैच का मजा ले रहे हैं। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस दौरान बॉलीवुड एक्टर सनी देओल को टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के साथ देखा गया। मैच दुबई में हो रहा था लेकिन दोनों सितारे मुंबई के एक स्टूडियो में इसका लुत्फ उठाते हुए नजर आए।
इंडिया और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान सनी देओल और धोनी को बातचीत करते हुए देखा गया। वीडियो में सनी देओल को स्टूडियो में एंट्री करते हुए और धोनी को उन्हें हंसी-खुशी के साथ गले लगाते हुए देखा जा सकता है। चैंपियंस ट्रॉफी 2013 सहित भारत को तीन ICC ट्रॉफ़ी दिलाने वाले धोनी को हमेशा टीम के लिए लकी चार्म के रूप में देखा जाता रहा है।
बचा दें कि भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 6 विकेट से रौंदा था। जबकि पाकिस्तानी टीम को शुरुआती मुकाबले में न्यूजीलैंड के हाथों हार मिली थी। भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतकर सेमीफाइनल की दावेदारी को पुख्ता करना चाहेगी।