Lok Sabha Elections 2024: देश भर में सभी राजनीतिक दल लोकसभा चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इस बीच लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी अभियान के लिए थीम सॉग जारी किया। गीत की शुरुआत में कहा गया- हम सपने नहीं हकीकत बुनते हैं, तभी तो सब मोदी को चुनते हैं। इसे 12 भाषाओं में जारी किया गया है। बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह गाना रिलीज किया है। बीजेपी इस गाने के आधार पर जोर-शोर से चुनाव प्रचार अभियान में जुटी हुई है। दावा किया गया है कि यह गाना पूरे देश की भावनाओं को दर्शाता है।
वीडियो में भारतीय नागरिकों को कई भाषाओं में गाना गाते हुए दिखाया गया है। इस वीडियों में पीएम मोदी की कई मीटिंग्स को दिखाया गया है। दुनिया के बड़े नेताओं के साथ पीएम मोदी को मिलते हुए दिखाया गया है। इसमें जी 20 शिखर सम्मेलन भी शामिल है। इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी भारत ने सितंबर 2203 में की थी।
सपने नहीं हकीकत बुनते हैं....
इस नए गाने में साल 2014 से पहले के हालात और नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत की बदलती तस्वीर को दिखाया गया है। 3 मिनट 19 सेकंड के इस नए गाने में देश के हर कोने से, हर भाषा को बोलने वाले, अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोग, एक स्वर में एक बात कह रहे हैं कि उनके सपनों ने उड़ान भरी है। इसमें 'सपने नहीं हकीकत बुनते हैं, तभी तो सब मोदी को चुनते हैं' के दावे को भी प्रमुखता से दिखाया गया है। पार्टी ने इस गाने जरिए राष्ट्र की एकता को प्रदर्शित करते हुए लोगों को उनकी विविधता पर एक साथ आने को भी दर्शाया है। नए गाने के वीडियो के अंत में हजारों लोग एक साथ आकर एक बड़ा कोलाज बनाते हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एकजुट शक्ति का प्रतिनिधित्व करता है।