दुनिया की दो बड़ी क्रिकेट टीमों के बीच मुकाबला होने जा रहा है। उससे भी ज्यादा खास बात ये है कि ये मैच उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होने वाला है। न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान की बीच आगामी टेस्ट मैच सीरीज ग्रेटर नोएडा में होने वाली है, जिसके लिए अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम NCR में आ चुकी है और शहर के होटल क्राउन प्लाजा में रुकी हुई है। बड़ी बात ये है कि अफगानिस्तान को उनकी ही पसंद के होटल में ठहराया गया है। हालांकि, फैंस के लिए एक बुरी खबर ये भी है कि इस मैच में उन्हें टीम के स्टार राशिद खान की कमी खलने वाली है।
दरअसल राशिद खान चोटिल होने की वजह से टीम से बाहर चल रहे हैं। गुरुवार से कड़ी सुरक्षा के बीच 20 सदस्यों वाली टीम शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में प्रैक्टिस शुरू करेगी। जानकारी के अनुसार, पहले सेशन में टीम वार्म अप और फिटनेस ड्रिल पर खास जोर देगी। शाम के सेशन में गेंदबाजी और बल्लेबाजी का अभ्यास किया जाएगा।
कब आएगी न्यूजीलैंड की टीम?
न्यूजीलैंड की टीम 5 सितंबर के आसपास ग्रेटर नोएडा पहुंचेगी। उससे पहले कीवी टीम के मैनेजमेंट ने यहां आकर सभी सुविधाओं का अच्छे से जायजा ले लिया है। उन्होंने साफ सफाई को लेकर अपनी बातें रखी थीं, जिस पर उन्हें प्रशासन की तरफ से पूरा भरोसा दिलाया गया है। उनकी सभी मांगे मानी जाएंगी और हर तरह की साफ सफाई की व्यवस्था कराई जाएगी। अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मैच 9 से 13 सितंबर तक खेला जाएगा।
अफगानिस्तान की कप्तानी किसके पास?
दो दिन पहले अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से 20 मेंबर की टीम की घोषणा की गई थी। अफगानिस्तान की टीम की कमान समतुल्लाह शहीदी को दी गई। ग्रेटर नोएडा पहुंची टीम ने प्रैक्टिस शुरू कर दी है। टीम दो सेशन में पसीना बहाएगी।
अफगानिस्तान के चीफ सिलेक्टर अहमद शाह ने बताया कि मैंने अनुभवी और युवा खिलाड़ियों की टीम को खिलाने का निर्णय लिया है। कुछ युवाओं ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि, राशिद खान के बगैर ये टेस्ट मैच बेहद चुनौती भरा होगा, क्योंकि वह हमारे सबसे सफल गेंदबाज होने के साथ ही भारतीय परिस्थितियों से भी अच्छी तरह वाकिफ हैं।
अफगानिस्तान की टीम को पसंद है भारत में खेलना
ACB के अध्यक्ष मेरे वाइस अशरफ अफगानिस्तान से भारत के लिए रवाना होने से पहले कहा था भारत में खेलना उनके खिलाड़ियों को बहुत ज्यादा पसंद है, क्योंकि ग्रेटर नोएडा से तो उनका पुराना रिश्ता है। यहां उनके पुराने खिलाड़ी अच्छी तरह से वाकिफ हैं।
रिपोर्ट- धीरेंद्र कुमार शुक्ला