Luca Nardi ने Novak Djokovic को हराकर किया बड़ा उलटफेर, पढ़ें डिटेल

वर्ल्ड नंबर 123 रैंक वाले लुका नारदी ने जोकोविच को इंडियन वेल्स के तीसरे दौर में 6-4, 3-6, 6-3 से हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। नारदी का दावा है कि वह जोकोविच को अपना आदर्श मानते हुए बड़े हुए हैं और यह जीत उनके लिए एक भावुक क्षण की तरह है

अपडेटेड Mar 12, 2024 पर 7:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
लुका नारदी (Luca Nardi) ने इंडियन वेल्स ओपन (Indian Wells) में नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) को हराकर सबको हैरान कर दिया।

इटली के टेनिस खिलाड़ी लुका नारदी (Luca Nardi) ने इंडियन वेल्स ओपन (Indian Wells) में नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) को हराकर सबको हैरान कर दिया। इस हार के साथ दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। बता दें कि वर्ल्ड नंबर 123 रैंक वाले लुका नारदी ने जोकोविच को इंडियन वेल्स के तीसरे दौर में 6-4, 3-6, 6-3 से हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। नारदी का दावा है कि वह जोकोविच को अपना आदर्श मानते हुए बड़े हुए हैं और यह जीत उनके लिए एक भावुक क्षण की तरह है।

इटली के 20 साल के नार्डी ने ऐस के साथ जीत दर्ज की। उन्होंने ‘लकी लूजर’ के रूप में टूर्नामेंट के मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई थी। लकी लूजर वह खिलाड़ी होता है जो क्वालीफाइंग के अंतिम दौर में हार जाता है लेकिन पहले दौर से पूर्व हटने वाले चोटिल खिलाड़ी के विकल्प के तौर पर उसे मौका मिलता है। नार्डी ने मुख्य ड्रॉ में दुनिया के 30वें नंबर के खिलाड़ी टॉमस मार्टिन एचवेरी की जगह ली थी और उन्हें पहले दौर में बाई मिली थी।

नार्डी ग्रैंडस्लैम या एटीपी मास्टर्स 1000 स्तर के टूर्नामेंट में जोकोविच को हराने वाले सबसे अधिक रैंकिंग वाले खिलाड़ी हैं। इससे पहले 2008 में मियामी में दुनिया के 122वें नंबर के खिलाड़ी केविन एंडरसन ने जोकोविच को हराया था।


महिला एकल में कोको गॉफ ने लूसिया ब्रोनजेटी को सीधे सेट में हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। बुधवार को 20 बरस की होने वाली गॉफ ने लूसिया के खिलाफ 6-2, 7-6 से जीत दर्ज की। उन्होंने 11 में से 10 ब्रेक प्वाइंट बचाए। इस जीत के साथ अमेरिका में गॉफ की जीत का क्रम 18 मैच तक पहुंच गया है जिसमें पिछले साल अमेरिकी ओपन की खिताबी जीत भी शामिल है। दो बार की ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन और दूसरी वरीय एरिना सबालेंका ने ऐमा राडुकानु को 6-3, 7-5 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

पुरुष वर्ग में सातवें वरीय होल्गर रूने ने टूर्नामेंट में पहला मैच खेलते हुए लोरेंजो मुसेटी को 6-2, 7-6 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। उन्हें पहले दौर में बाई मिली थी और दूसरे दौर में चोट के कारण मिलोस राओनिक के हटने पर उन्हें तीसरे दौर में प्रवेश मिला। गेल मोनफिल्स ने 2021 के विजेता कैमरन नोरी को तीन घंटे से अधिक चले मुकाबले में तीन सेट में हराया जबकि अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज अैर टॉमी पॉल ने भी सीधे सेट में जीत दर्ज की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।