Champions Trophy 2025, Pakistan Team : 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत के खिलाफ शतक बनाने वाले स्टार पाकिस्तानी बल्लेबाज फखर जमान चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर हो गए हैं। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज ने खुद गुरुवार को इस बात की पुष्टि की। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे ही ओवर में चोटिल हुए फखर जमान टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मैच में करारी हार का सामने करने वाली पाकिस्तान की टीम को बड़ा झटका लगा है।
पाकिस्तान की टीम ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक के भतीजे इमाम उल हक की वापसी हुई है।
फखर जमान ने अपने पोस्ट में कहा कि, “सबसे बड़े मंच पर पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना इस देश के हर क्रिकेटर का सम्मान और सपना है। मुझे कई बार गर्व के साथ पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला है। दुर्भाग्य से मैं अब ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर हो गया हूँ लेकिन निश्चित रूप से अल्लाह सबसे अच्छा प्लानर है। इस अवसर के लिए आभारी हूँ। मैं घर से ही अपने टीम को सपोर्ट करूंगा। "
पहले ही मैच मे चोटिल हुए थे फखर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फखर जमान सीने की मांसपेशियों में दर्द की समस्या के कारण टूर्नामेंट से बाहर हुए हैं। उनकी जगह इमाम-उल-हक को टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने पाकिस्तान के लिए पिछला वनडे 27 अक्टूबर 2023 को चेन्नई में खेला था। फखर को बुधवार, 20 फरवरी को कराची में न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच के दौरान पाकिस्तान के लिए फील्डिंग करते समय चोट लग गई थी।
उन्होंने न्यूजीलैंड की पारी के दौरान मोहम्मद रिजवान की अगुवाई वाली टीम के लिए ज़्यादातर समय फील्डिंग नहीं की, लेकिन 321 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने आए। हालाँकि, वे दर्द में दिखे। उन्होंने क्रीज पर रहने के दौरान 41 गेंदों का सामना किया और चार चौकों की मदद से 24 रन बनाए।
पाकिस्तानी टीम पहले से ही टखने की चोट के कारण चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में स्टार ओपनिंग बल्लेबाज सैम अयूब की सेवाओं से वंचित है और अब ज़मान के बाहर होने की खबर ने पाकिस्तान की समस्याओं को और जटिल बना दिया है।