Paris Olympics 2024: भारतीय हॉकी टीम ने आज पेरिस ओलिंपिक से देश को बड़ी खुशखबरी दी। भारतीय टीम ने स्पेन को 2-1 हराकर ब्रॉन्च मेडल जीत लिया है। इसके साथ ही भारत की झोली में 4 ब्रॉन्च मेडल आ गए हैं। भारतीय हॉकी टीम ने प्लेऑफ में स्पेन को 2-1 से हराकर पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीत लिया। भारत ने 50 साल बाद ओलंपिक में लगातार दूसरी बार पदक जीता है। इसके साथ ही ओलंपिक में आठ बार की चैम्पियन भारतीय हॉकी टीम का यह 13वां पदक है । भारतीय हॉकी टीम के ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी लोगों की लगातार प्रतिक्रिया आ रही है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए भारतीय टीम को बधाई दी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने भारतीय हॉकी टीम को दी बधाई
राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा, "पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी हॉकी टीम को हार्दिक बधाई। पांच दशक से भी अधिक समय के बाद भारत ने लगातार दो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता है।" उन्होंने आगे लिखा, "भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान के लिए टीम प्रशंसा की पात्र है। उन्होंने भारत को गौरवान्वित किया है। इस टीम द्वारा दिखाई गई निरंतरता, कौशल, एकजुटता और लड़ने की भावना हमारे युवाओं को प्रेरित करेगी। ‘वेल डन’ भारतीय हॉकी टीम।"
प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, "एक उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी! भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में चमकाया, कांस्य पदक जीता! यह और भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है। उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने अत्यधिक धैर्य और लचीलापन दिखाया। खिलाड़ियों को बधाई। हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि इस खेल को हमारे देश के युवाओं के बीच और भी लोकप्रिय बनाएगी।"
आपकी उपलब्धि ने देश का गौरव बढ़ाया है: अमित शाह
गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा, "क्या शानदार प्रदर्शन। पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी पुरुष हॉकी टीम को बहुत-बहुत बधाई। आपका दमदार प्रदर्शन और बेहतरीन खेल भावना खेल के लिए एक नया जोश जगाएगी। आपकी उपलब्धि ने देश का गौरव बढ़ाया है।"
बता दें कि भारत के लिये कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 30वें और 33वें मिनट में गोल दागा। वहीं स्पेन के लिये मार्क मिरालेस ने 18वें मिनट में गोल किया। इस जीत के साथ ही भारतीय हॉकी के अनुभवी गोलकीपर पी आर श्रीजेश ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी को अलविदा कह दिया।