Virat Kohli : भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए आने वाले कुछ महीने एकदम एक्शन पैक रहने वाले हैं। क्रिकेट फैंस को फरवरी को चैंपियंस ट्ऱॉफी का रोमांच देखने को मिलेगा तो वहीं मार्च-अप्रैल में आईपीएल का एक्शन। वहीं चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारत के सभी सीनियर खिलाड़ी अपने फॉर्म को बनाए रखना चाहते हैं और इसी वजह से उन्हें घरेलू टूर्नामेंट की तरफ देखने को मजबूर होना पड़ा है। इसी कड़ी में स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने 12 साल बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी से पूर्व मंगलवार को यहां दिल्ली टीम के साथ ट्रेनिंग शुरू की। पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे 36 वर्षीय कोहली 30 जनवरी से रेलवे के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच खेलेंगे। बता दें कि रेलवे के खिलाफ रणजी मैच, विराट एक युवा खिलाड़ी के कप्तानी में खेलेंगे।
इस खिलाड़ी के कप्तानी में खेलेंगे विराट
रणजी मैच में विराट कोहली दिल्ली के लिए खेलेंगे लेकिन टीम की कप्तानी नहीं करेंगे। दिल्ली की टीम युवा बल्लेबाज आयुष बडोनी की कप्तानी में ही मैदान पर उतरेगी। 25 साल के बडोनी ने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है। हालांकि आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के उन्होंने कई मैच खेले हैं। जानकारी के मुताबिक दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने रेलवे के खिलाफ मैच में कप्तानी करने के लिए विराट कोहली से पूछा था पर उन्होंने इसके लिए मना कर दिया।
कोहली रेलवे के खिलाफ गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले ग्रुप डी रणजी ट्रॉफी मैच से पहले मंगलवार को दिल्ली के अभ्यास सत्र में भी शामिल हुए। इससे पहले, दिल्ली के कोच सरनदीप सिंह ने पुष्टि की कि विराट रेलवे के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी मैच के लिए दिल्ली की टीम में शामिल होंगे।
बता दें कि विराट कोहली ने अपना पिछला रणजी मुकाबला 2012 में गाजियाबाद में उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेला था। उस समय कोहली भारत क्रिकेट के उभरते हुए सितारे थे, लेकिन अब वह इस खेल के सबसे बड़े मौजूदा दिग्गजों में शामिल है। इन 13 सालों में विराट कोहली के इंटरनेशनल क्रिकेट में 80 शतक हैं। पिछले कुछ दिनों में, विराट की भारत और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगर के साथ नेट पर प्रैक्टिस करते नजर आए थे। विराट के प्रैक्टिस की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुईं थी।