निशानेबाज दिशांत डे (Shooter Dishant Dey) को गुरुवार को तब काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जब एक प्रमुख एयरलाइन (Airline) ने उन्हें राष्ट्रीय चैंपियनशिप (National Championship) के लिए तिरुवनंतपुरम (Thiruvananthapuram) की यात्रा के दौरान फ्लाइट में उनकी राइफल (Rifle) ले जाने की अनुमति नहीं दी।
राइफल इवेंट में 65वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप प्रतियोगिताएं (National Shooting Championship Competitions) 20 नवंबर से 9 दिसंबर तक तिरुवनंतपुरम के वट्टियूरक्कावु शूटिंग रेंज में आयोजित की जाएंगी। डे ने इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट बुक की थी।
नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने ट्वीट किया, "इंडिगो की तरफ से गुवाहाटी एयरपोर्ट पर साफतौर पर ये उत्पीड़न का मामला है। शूटर दिशांत डे 65वें शूटिंग नेशनल में हिस्सा लेने के लिए फ्लाइट 6E5226 से त्रिवेंद्रम की यात्रा करने की कोशिश कर रहे थे। वह अपने साथ अपनी एयर राइफल ले जाने के लिए सभी जरूरी दस्तावेज भी लिए हुए थे, लेकिन एयरलाइन राइफल ले जाने की अनुमति देने से इनकार कर रही है।"
निशानेबाज का समर्थन करते हुए, देश में खेल के शासी निकाय ने कहा, “एक खेल करियर को बचाओ। एथलीट और उसकी मां हवाईअड्डे पर हैं और कोई मदद नहीं मिल रही है।"
यह पहली बार नहीं है, जब किसी निशानेबाज को उनकी बंदूक या राइफल के बिन यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई है। इससे पहले स्टार पिस्टल शूटर मनु भाकर और दूसरे खिलाड़ी भी इसे लेकर आवाज उठा चुके हैं।
इस महीने की शुरुआत में, NRAI ने तिरुवनंतपुरम में 65वें शूटिंग नेशनल में प्रतिस्पर्धा करने के लिए हवाई यात्रा करने वाले शूटर्स के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की थी।
नेशनल फेडरेशन की तरफ से 2 नवंबर को जारी एडवाइजरी में कहा गया है, "NSCC में भाग लेने के लिए हथियारों और गोला-बारूद के साथ हवाई यात्रा करने वाले निशानेबाजों को किसी भी असुविधा से बचने के लिए DGCA परमिट के लिए आवेदन करने की सलाह दी जाती है। निशानेबाजों को हमारी वेबसाइट से गन कैरी लेटर डाउनलोड करना होगा।"