'विराट कोहली ब्रिटिश गेम खेलते हैं': रोहित शर्मा को 'मोटा' बताने के बाद अब कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद का नया पोस्ट वायरल

Rohit Sharma Fat Controversy: कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद के भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान एवं स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा पर की गई टिप्पणी तूल पकड़ती जा रही है। कई राजनीतिक नेताओं और क्रिकेटरों ने कांग्रेस प्रवक्ता को रोहित के बॉडी शेमिंग पर दिए बयान की आलोचना की। इस बीच उन्होंने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर एक विवादित बयान दे दिया है

अपडेटेड Mar 04, 2025 पर 3:19 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Rohit Sharma Fat Controversy: शमा मोहम्मद ने रोहित शर्मा को "मोटा खिलाड़ी" और "अप्रभावी कप्तान" कहा था

Rohit Sharma Fat Controversy: कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस पर की गई टिप्पणी को लेकर जारी घमासान के बीच अब विराट कोहली पर ऐसा बयान दिया है जिसे लेकर नया विवाद शुरू हो गया है। शमा मोहम्मद के पुराने विवादित पोस्ट चर्चा का विषय बन गए हैं। साल 2018 में उन्होंने कोहली पर निशाना साधा था। रोहित शर्मा विवाद के बीच उनका पुराना ट्वीट अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इससे पहले उन्होंने रोहित शर्मा को "मोटा" और "अप्रभावी कप्तान" कहकर विवाद खड़ा कर दिया था।

नवंबर 2018 में मोहम्मद ने कहा था कि जो लोग अंग्रेजी और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को पसंद करते हैं, उन्हें भारत में नहीं रहना चाहिए। शमा मोहम्मद ने नवंबर 2018 में एक ट्वीट (अब X) में लिखा था, "विराट कोहली एक ब्रिटिश खेल खेलते हैं। विदेशी ब्रांड्स से करोड़ों कमाते हैं। इटली में शादी करते हैं, हर्शल गिब्स को अपना पसंदीदा क्रिकेटर बताते हैं और एंजेलिक केरबर को सर्वश्रेष्ठ टेनिस खिलाड़ी मानते हैं। लेकिन जो लोग विदेशी बल्लेबाजों को पसंद करते हैं, उन्हें देश छोड़ने के लिए कहते हैं।"

शमा मोहम्मद के इस बयान की सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हो रही है। रोहित शर्मा और विराट कोहली के फैंस उनके पुराने और नए पोस्ट को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के बारे में यह आपत्तिजनक टिप्पणी करके विवाद खड़ा कर दिया कि वह मोटे हैं और अप्रभावी कप्तान भी हैं। हालांकि, विवाद के बाद उन्होंने अपने विवादित पोस्ट को हटा दिया है।


इसको लेकर कांग्रेस ने उन्हें फटकार लगाई और आगे से ऐसी टिप्पणियों से बचने की नसीहत दी। पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि शमा की टिप्पणी कांग्रेस का मत नहीं है। दूसरी तरफ, खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पर निशाना साधा तथा कद-काठी को लेकर की दिये गए बयान को शर्मनाक करार दिया।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी)के वरिष्ठ नेता सौगत रॉय ने शमा का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ने जो कहा है वह सही है और रोहित शर्मा को टीम में होना ही नहीं चाहिए। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने शमा और रॉय के बयानों को लेकर कांग्रेस तथा टीएमसी पर निशाना साधते हुए X पर पोस्ट किया, "कांग्रेस और टीएमसी को खिलाड़ियों को अकेला छोड़ देना चाहिए क्योंकि वे अपने पेशेवर जीवन को संभालने में पूरी तरह सक्षम हैं।"

मांडविया ने कहा, "इन दलों के नेताओं द्वारा की गई टिप्पणियां, कद-काठी को लेकर टिप्पणी में संलिप्त होना और टीम में एक एथलीट की जगह पर सवाल उठाना, न केवल बेहद शर्मनाक है बल्कि पूरी तरह से निंदनीय भी है।" उनका कहना था कि इस तरह की टिप्पणियां खिलाड़ियों द्वारा वैश्विक मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए की गई कड़ी मेहनत और त्याग को कमतर करती हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद को आड़े हाथों लेते हुए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि ऐसे में जबकि भारतीय टीम चैम्पियंस ट्रॉफी खेल रही है। एक जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा इस तरह का ओछा बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है। भारतीय टीम चैम्पियंस ट्रॉफी में दुबई में आज यानी मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया से सेमीफाइनल खेल रही है।

ये भी पढ़ें- 'खिलाड़ियों को तो अकेला छोड़ दो...': रोहित शर्मा विवाद में खेल मंत्री की एंट्री, कांग्रेस-TMC नेताओं को दी नसीहत, शमा मोहम्मद के बयान को बताया 'शर्मनाक'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।