Wrestlers Protest: नाराज पहलवानों से देर रात मुलाकात करेंगे केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, बोले- आरोप गंभीर हैं

Wrestlers Protest: अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने कहा, "जो आरोप लगे हैं, वो गंभीर हैं। इसका संज्ञान लेते हुए खेल मंत्रालय ने WFI को नोटिस दिया और 72 घंटे के अंदर जवाब मांगा है"

अपडेटेड Jan 19, 2023 पर 9:07 PM
Wrestlers Protest: नाराज पहलवानों से देर रात मुलाकात करेंगे केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर

Wrestlers Protest: देश के टॉप पहलवानों के रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) और उसके अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ मोर्चा खोलने के बाद पहली बार केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) का बयान सामने आया है। उन्होंने यहां तक कहा है कि वे नाराज खिलाड़ियों से भी मिलेंगे। CNN-News18 के मुताबिक, खेल मंत्री आज रात 10 बजे विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवानों से मिल सकते हैं।

न्यूज एजेंसी से बात करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, "जो आरोप लगे हैं, वो गंभीर हैं। इसका संज्ञान लेते हुए खेल मंत्रालय ने WFI को नोटिस दिया और 72 घंटे के अंदर जवाब मांगा है। जो कैंप लगना था, उसे आगे के लिए टाल दिया गया है। मेरी कोशिस है कि मैं वापस जाकर खिलाड़ियों से मिलूंगा। उचित कार्रवाई की जाएगी।"

बता दें कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर आज चंडीगढ़ में थे और ये बयान उन्होंने चंडीगढ़ में ही दिया है। जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री दिल्ली लौट रहे हैं। संभावना है कि दिल्ली पहुंचने के बाद वे खिलाड़ियों से मुलाकात कर सकते हैं।


इस बीच इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष पीटी उषा ने भी पहलवानों से आगे आकर अपनी चिंताएं रखने की अपील की है। पीटी उषा ने ट्वीट कर कहा, "हम एथलीटों से अनुरोध करते हैं कि वे आगे आएं और अपनी चिंताओं को हमारे सामने रखें। हम न्याय दिलाने के लिए पूरी जांच सुनिश्चित करेंगे। हमने भविष्य में पैदा होने वाली ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए एक विशेष समिति बनाने का फैसला किया है, ताकि तेजी से कार्रवाई हो।"

इससे पहले दिन में, पहलवानों की टीम को सरकार से बैठक के लिए बुलाया गया था। इसमें तीन बार की राष्ट्रमंडल चैम्पियन विनेश फोगाट और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक और उनके पति सत्यव्रत कांदियान शामिल थे। इन सभी ने अपने मुद्दों पर खेल सचिव सुजाता चतुर्वेदी, भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक संदीप प्रधान और संयुक्त सचिव ( खेल) कुणाल से भी चर्चा की।

एक घंटे तक चली बैठक में पहलवानों से विरोध प्रदर्शन खत्म करने को कहा गया और आश्वासन दिया गया कि उनकी शिकायतों का हल निकाला जायेगा।

इसके बाद पहलवानों ने अपना विरोध तेज करने की बात करते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया है, कोई ‘संतोषजनक जवाब नहीं' मिला। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) को तुरंत प्रभाव से भंग नहीं किया गया, तो वे WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कई FIR दर्ज करायेंगे।

Wrestlers Protest: नाराज पहलवानों को नहीं मना पाया खेल मंत्रालय, विनेश फोगाट ने मांगा WFI अध्यक्ष का इस्तीफा, कहा- पुलिस के पास जाएंगे

पहलवानों ने जंतर मंतर पर लगातार दूसरे दिन धरना जारी रखा और उनके साथ और भी पहलवान शामिल हुए जिन्होंने इसे ‘भारतीय कुश्ती को नया जीवन देने’ की लड़ाई करार दिया। ये पहलवान WFI अध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, जिन पर महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न और धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।

तीन बार राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता और बीजेपी नेता बबीता फोगाट बृहस्पतिवार को सरकार की ओर से मध्यस्थता करने पहुंचीं। उन्होंने धरने पर बैठे पहलवानों को उनकी मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया, जो भारतीय कुश्ती महासंघ को भंग करने की मांग कर रहे हैं। पहलवानों ने अपने बुरे अनुभव भी साझा किए।

टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता रवि दहिया ने और ज्यादा समर्थन की गुहार लगायी, जबकि युवा अंशु मलिक ने बताया कि पिछले साल WFI अध्यक्ष की बुल्गारिया में विश्व जूनियर चैम्पियनशिप के दौरान खिलाड़ियों के होटल में मौजूदगी ने महिला पहलवानों को किस तरह असहज कर दिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।