Wrestlers Protest Updates: IOA ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग, WFI प्रमुख का इस्तीफा देने से इनकार, पढ़ें पहलवानों के विरोध प्रदर्शन के बड़े अपडेट्स

Wrestlers Protest Updates: IOA को लिखे पत्र में बताया गया है कि ओलंपियन विनेश फोगट को टोक्यो में ओलंपिक मेडल से चूकने के बाद WFI अध्यक्ष की तरफ से "मानसिक रूप से प्रताड़ित" किया गया था, जिसके कारण उन्हें लगभग आत्महत्या के बारे में सोचना पड़ा

अपडेटेड Jan 20, 2023 पर 4:36 PM
Story continues below Advertisement
प्रदर्शनकारी पहलवानों ने IOA अध्यक्ष से WFI अध्यक्ष बृज भूषण सरन सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों की जांच के लिए एक समिति बनाने की अपील की है

Wrestlers Protest Updates: भारत के शीर्ष पहलवानों (Wrestlers) विनेश फोगट (Vinesh Phogat), बजरंग पुनिया (Bajrang Punia), साक्षी मलिक (Sakshi Malik), रवि दहिया (Ravi Dhaiya) और दीपक पुनिया (Deepak Punia) ने शुक्रवार को इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा को पत्रा लिखा है। इन पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) और उसके प्रमुख बृज भूषण सरन सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर IOA में शिकायत की है।

पत्र में बताया गया है कि ओलंपियन विनेश फोगट को टोक्यो में ओलंपिक मेडल से चूकने के बाद WFI अध्यक्ष की तरफ से "मानसिक रूप से प्रताड़ित" किया गया था, जिसके कारण उन्हें लगभग आत्महत्या के बारे में सोचना पड़ा।

Wrestlers Protest Updates:


- भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने विरोध कर रहे पहलवानों के मुद्दों पर चर्चा के लिए शुक्रवार को शाम 5:45 बजे एक इमरजेंसी बैठक बुलाई है।

- प्रदर्शनकारी पहलवानों ने IOA अध्यक्ष से WFI अध्यक्ष बृज भूषण सरन सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों की जांच के लिए एक समिति बनाने की अपील की है। पत्र में ये भी कहा गया है कि WFI पहलवानों के लिए कॉन्ट्रैक्ट पेमेंट्स से जुड़े वित्तीय गबन में शामिल था।

- दिग्गज मुक्केबाज विजेंदर सिंह दिल्ली के जंतर मंतर पर रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के खिलाफ पहलवानों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने बृजभूषण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की और इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाया।

- इस्तीफा देने के दबाव में बृजभूषण ने कहा है कि वह शुक्रवार दोपहर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में "राजनीतिक साजिश" का "पर्दाफाश" करेंगे। आज शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस होनी है। इससे पहले सिंह ने कहा कि प्रेस वार्ता का समय बदलकर दोपहर चार बजे किया जाएगा।

- शीर्ष भारतीय पहलवानों की केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ गुरुवार रात हुई बैठक बेनतीजा रही, क्योंकि उन्होंने सरकार से WFI को तुरंत भंग करने की अपनी मांग से पीछे हटने से इनकार कर दिया। WFI अध्यक्ष के खिलाफ पहलवानों के विरोध के दूसरे दिन गुरुवार को रात करीब 10 बजे मैराथन बैठक शुरू हुई।

- मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि कुश्ती महासंघ यौन उत्पीड़न के आरोपों पर शुक्रवार दोपहर तक खेल मंत्रालय को जवाब भेजेगा।

- दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्विटर पर कहा कि पहलवानों की हड़ताल को 72 घंटे हो चुके हैं। उन्होंने ट्वीट किया, "अब तक WFI अध्यक्ष का इस्तीफा क्यों नहीं मांगा गया? यौन शोषण के आरोपों की जांच के लिए FIR क्यों दर्ज नहीं की जा रही है?"

- राष्ट्रीय महिला आयोग ने कहा कि पहलवान अपनी शिकायत लेकर उनके पास आ सकते हैं। इस मुद्दे के बारे में पूछे जाने पर, NCW के एक प्रवक्ता ने कहा, "शिकायतकर्ता इस मामले से जुड़ी अपनी शिकायतों के साथ महिला पैनल से संपर्क कर सकते हैं।"

- कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा पहलवानों के समर्थन में सामने आई हैं और WFI प्रमुख के खिलाफ यौन शोषण और मानसिक उत्पीड़न के आरोपों की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

- ओलंपिक मेडल विजेता बजरंग पुनिया ने कहा कि पहलवान बृजभूषण के आगे आने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम अपने करियर को खतरे में डालकर यहां विरोध कर रहे हैं। ये लड़ाई हमारे युवा पहलवानों के लिए है, जो कुश्ती का भविष्य हैं।

- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह "बेहद शर्मनाक" है कि जिन लोगों पर महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।