Wrestlers Protest: पहलवानों ने की मेडल और सम्मान लौटाने की पेशकश, विनेश फोगाट बोलीं: इतनी बेज्जती तो कर दी है

Wrestlers Protest: बुधवार देर रात कुछ पुलिसकर्मियों के साथ हुई हाथापाई के बाद पीड़ित पहलवानों ने काफी नाराजगी जताई है।पहलवानों का दावा है कि बारिश में नीच पड़े गद्दे भीग जाने के बाद, उन्होंने अपने सोने के लिए लकड़ी के फोल्डिंग मंगाए थे, लेकिन पुलिस ने फोल्डिंग अंदर नहीं आने दिया। प्रदर्शनकारी पहलवानों ने ये भी आरोप लगाया कि कुछ पुलिस वालों ने शराब के नशे में महिला पहलवानों के साथ बदसलूकी भी की

अपडेटेड May 04, 2023 पर 2:19 PM
जंतर-मंतर पर पहलवानों और पुलिस के बीच हुई हाथापाई के बाद मीडिया के सामने भावुक हुईं महिला पहलवान (PHOTO-PTI)

Wrestlers Protest: कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष और BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर प्रदर्शन कर रहे भारत के शीर्ष पहलवानों ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के दुर्व्यवहार और गाली गलौच का शिकार होने के बाद भारत सरकार की तरफ से उन्हें दिए गए सम्मान किसी काम के नहीं हैं। बुधवार देर रात कुछ पुलिसकर्मियों के साथ हुई हाथापाई के बाद पीड़ित पहलवानों ने काफी नाराजगी जताई है।

पहलवानों का दावा है कि बारिश में नीच पड़े गद्दे भीग जाने के बाद, उन्होंने अपने सोने के लिए लकड़ी के फोल्डिंग मंगाए थे, लेकिन पुलिस ने फोल्डिंग अंदर नहीं आने दिया। प्रदर्शनकारी पहलवानों ने ये भी आरोप लगाया कि कुछ पुलिस वालों ने शराब के नशे में महिला पहलवानों के साथ बदसलूकी भी की।

ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया ने सम्मान लौटाने की पेशकश करते हुए कहा, "जब वे (पुलिसकर्मी) हमारे साथ मारपीट और गाली दे रहे थे, तो क्या वे ये नहीं देख पा रहे थे कि पहलवान भी पद्म श्री (पुरस्कार विजेता) हैं।" उन्होंने कहा, "ये सिर्फ मेरे साथ ही नहीं हुआ। साक्षी भी यहां बैठी थी।"


उन्होंने आगे कहा, "अगर हम लोगों के साथ इस तरह का बर्ताव होगा, तो हम इन जीते हुए मेडल का क्या करेंगे? इससे अच्छा है कि हम अपने मेडल भारत सरकार को लौट दें और एक आम जीवन ही जिएं।"

Wrestlers Protest: पहलवानों को SC से झटका, केस की सुनवाई बंद, अदालत ने कहा- याचिका का मकसद हुआ पूरा

जब उनसे एक पत्रकार ने पूछा कि क्या वो इंटरनेशनल मैच में जीते मेडल या भारत सरकार की तरफ से दिए गए सम्मान लौटाने की बात कर रहे हैं? इस पर विनेश फोगाट ने कहा, "सारे ले जाओ। इतनी बेइज्जती तो कर दी है हमारी। कुछ भी तो नहीं छोड़ा।"

इस बीच ये पूरा मामला अब राजनीतिक भी हो चला है। कई विपक्षी दलों ने पहलवानों के विरोध प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है। पहलवानों पिछल 10 दिनों से ज्यादा समय से WFI प्रमुख बृजभूषण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इन पहलवानों ने बीजेपी सांसद पर कई महिला पहलवानों का यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।

आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस मामले को लेकर गुरुवार को अपने विधायकों, पार्षदों और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है।

क्या है दिल्ली पुलिस का पक्ष?

ये पूछे जाने पर कि क्या विरोध को "राजनीतिक दलों ने हाईजैक" कर लिया है, पहलवान विनेश फोगट ने हाथ जोड़कर जवाब दिया, "सुनिए, ये राजनीतिक है। कृपया प्रधानमंत्री जी से बात कराएं। गृह मंत्री से हमें फोन करने के लिए कहें। हमें न्याय दिलाओ। हम अपना करियर और अपना जीवन दांव पर लगा रहे हैं।"

देर रात हुई इस झड़प पर दिल्ली पुलिस ने अपना पक्ष रखते हुए AAP नेता सोमनाथ भारती पर बिना इजाजत फोल्डिंग लाने का आरोप लगाया। DCP प्रणव तायल ने कहा, "जंतर-मंतर पर पहलवानों के धरने के दौरान AAP नेता सोमनाथ भारती बिना इजाजत फोल्डिंग बेड लेकर धरना स्थल पर आए थे। हमने बीच-बचाव किया, तो समर्थक आक्रामक हो गए और ट्रक से बेड निकालने की कोशिश की। इसके चलते एक मामूली विवाद हुआ और 2 अन्य लोगों के साथ सोमनाथ भारती को हिरासत में लिया गया।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।