दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस में सरेआम स्टूडेंट की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार

दिल्ली पुलिस ने बताया, "दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस में एक छात्र की चाकू मारकर हत्या की गई। प्रारंभिक जांच में इनके बीच मारपीट की बात सामने आई है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की जांच चल रही है।"

अपडेटेड Jun 18, 2023 पर 10:00 PM
Story continues below Advertisement
दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस में एक छात्र की चाकू मारकर हत्या की गई

दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस में एक छात्र के सनसनीखेज हत्या (Student Murder in Delhi University's South Campus) का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि साउथ कैंपस के आर्यभट्ट कॉलेज में छात्र आपस में ही भिड़ गए। इस दौरान एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में छात्र की मौत हो गई। फिलहाल, आरोपी छात्र फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी और मृतक के बीच झगड़ा हुआ था।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने बताया, "दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस में एक छात्र की चाकू मारकर हत्या की गई। प्रारंभिक जांच में इनके बीच मारपीट की बात सामने आई है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की जांच चल रही है।"

कब हुई हत्या?


जानकारी के मुताबिक, यह छात्र रविवार को क्लास करने के लिए आर्यभट्ट कॉलेज आए थे। इस दौरान कॉलेज के पास ही दो छात्रों के बीच झगड़ा हुआ, जिसमें एक छात्र के चाकू मार दिया गया। जिस छात्र को चाकू मारा गया, उसका नाम निखिल चौहान (Nikhil Chauhan) बताया जा रहा है। मृतक पश्चिम विहार इलाके में रहता था। उसे तुरंत चरक पालिका अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस का बयान

दक्षिण पश्चिम जिले के डिप्टी पुलिस कमिश्नर मनोज सी ने कहा कि मृतक आर्यभट्ट कॉलेज का प्रथम वर्ष का छात्र था और स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग से राजनीति विज्ञान में बैचलर ऑफ आर्ट्स (BA) कर रहा था। साउथ कैंपस थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि करीब सात दिन पहले कॉलेज के एक छात्र ने निखिल की प्रेमिका के साथ बदतमीजी की थी, जिसका उसने विरोध किया था। इस हत्याकांड को बदले की भावना से लिया जा रहा है।

कॉलेज के गेट पर सरेआम हत्या

एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, निखिल जैसे ही कॉलेज के गेट पर पहुंचा तभी तीन लोगों ने उस पर हमला कर दिया। निखिल ने उनसे बचने की कोशिश की , लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा कर बेरहमी से चाकू मार दिया। निखिल के पिता संजय चौहान ने कहा, 'रात करीब 12.30 बजे मुझे कॉलेज गेट के बाहर बेटे को चाकू मारने की सूचना मिली। जैसे ही मैं अस्पताल पहुंचा, मुझे बताया गया कि उनका निधन हो गया है। मैं मांग करता हूं कि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।"

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।