New Year Celebration: कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इन राज्यों ने नए साल के जश्न पर लगाई रोक, यहां देखें पूरी लिस्ट

देश में कोरोना और उसके नए ओमीक्रोन के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए नए साल के जश्न को लेकर सख्ती बरती जा रही है

अपडेटेड Dec 30, 2021 पर 4:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सरकार और प्रशासन को डर सता रहा है कि नए साल का जश्न कहीं कोरोना के स्प्रैडर का रूप न ले ले

New Year Celebration: देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण अब कहर मचा रहा है। ऐसे में सरकार और प्रशासन को डर सता रहा है कि नए साल का जश्न कहीं कोरोना के स्प्रैडर का रूप न ले ले। इस बीच, कोरोना वायरस और इसके नए वेरिएंट ओमीक्रोन के बढ़ते मामलों को देखते हुए देश के कई राज्यों में नए साल से पहले नाइट कर्फ्यू और अन्य प्रतिबंध लगा दिए गए हैं।

Kalicharan Maharaj: कालीचरण महाराज की गिरफ्तारी के बाद प्रोटोकॉल को लेकर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सरकार में घमासान

राज्य सरकारों ने नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) के साथ ही नए साल के जश्न पर भी बैन लगा दी है। देखिए उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की पूरी लिस्ट जिन्होंने नए साल के जश्न में पाबंदी लगाई है...


दिल्ली

साल 2022 के पहले सख्त पाबंदी लगाने वालों में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सबसे ऊपर है। दिल्ली में ओमीक्रोन के मामले बढ़ने की वजह से 'येलो अलर्ट' जारी कर दिया गया है। राजधानी में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके अलावा रेस्टोरेंट, बार, पब्लिक ट्रांसपोर्ट को 50 फीसदी सीटिंग कैपेसिटी के साथ चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

महाराष्ट्र

मुंबई में आज से 7 जनवरी, 2022 तक धारा 144 लागू कर दी गई है। मुंबई पुलिस ने 30 दिसंबर से 7 जनवरी तक नए साल के जश्न के साथ ही रेस्तरां, होटल, बार, पब, रिसॉर्ट और क्लब सहित किसी भी बंद या खुली जगह में पार्टियों पर रोक लगा दी है। बंद सभागारों में कार्यक्रमों को क्षमता का 50 प्रतिशत भरने की अनुमति दी गई है जबकि खुले स्थानों में कार्यक्रमों को 25 प्रतिशत क्षमता रखने की अनुमति दी गई है। नए साल के दिन, नागरिकों को उचित सोशल डिस्टेंसिंग के साथ धार्मिक स्थलों पर जाने की अनुमति है।

कर्नाटक

कर्नाटक सरकार ने 28 दिसंबर से रात 10 बजे से सुबह 5 बजे के बीच 10 दिनों के लिए नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। सरकार ने नए साल की सभी पार्टियों और सार्वजनिक स्थानों पर सभाओं पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि, पब और क्लबों को 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक 50 फीसदी बैठने की क्षमता के साथ चलाने की अनुमति दी गई है।

तमिलनाडु

राज्य के एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने कहा कि पूरे तमिलनाडु में समुद्र तटों पर नए साल की पूर्व संध्या पर समारोहों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर एकत्र न हों और शराब का सेवन करने के बाद वाहन चलाने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा। डीजीपी ने एक बयान में कहा कि तमिलनाडु में समुद्र तटों पर नए साल की पूर्व संध्या पर जश्न मनाने की कोई अनुमति नहीं है। लोगों से आग्रह किया जाता है कि वे दूसरों को असुविधा पहुंचाए बिना अपने घरों में जश्न मनाएं।

गुजरात

गुजरात सरकार ने 25 दिसंबर से 8 शहरों में नाइट कर्फ्यू को दो घंटे के लिए बढ़ा दिया है। अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, जूनागढ़, जामनगर, भावनगर और गांधीनगर में रात 1 बजे से सुबह 5 बजे के बजाय रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक के लिए कर्फ्यू लागू रहेगा।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने शुक्रवार को रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है। साथ ही राजधानी लखनऊ और नोएडा में धारा 144 लागू कर दिया गया है।

ओडिशा

ओडिशा सरकार ने पहले ही नए साल पर सार्वजनिक समारोहों पर प्रतिबंध लगा दिया है। राज्य के सभी शहरी इलाकों में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू है। राज्य सरकार ने होटल, क्लब, रेस्तरां, पार्क, कन्वेंशन हॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नए साल पर रात के जश्न पर प्रतिबंध लगा दिया है।

गोवा

गोवा सरकार ने अभी तक नए साल के जश्न पर प्रतिबंध नहीं लगाई है, लेकिन गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार नए साल के जश्न को लेकर आयोजित पार्टी या रेस्तरां में शामिल होने वाले लोगों के लिए पूर्ण वैक्सीनेशन या कोरोना से संक्रमित नहीं होने की रिपोर्ट लाना अनिवार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में विभिन्न आयोजनों के आयोजकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि अतिथि इन प्रमाण पत्रों को साथ रखें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।