तिहाड़ जेल में गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या, रोहिणी कोर्ट शूटआउट मामले में था आरोपी

Tillu Tajpuriya: बताया जा रहा है योगेश टुंडा और उसके साथियों ने लोहे की रॉड से हमला किया था। इसके बाद गंभीर रूप से घायल टिल्लू ताजपुरिया को सुबह 06:30 बजे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। CJ 8 में बंद योगेश टूंडा ने लोहे की ग्रिल उखाड़कर CJ9 में बंद टिल्लू के पेट में घोंप दिया

अपडेटेड May 02, 2023 पर 10:34 AM
Story continues below Advertisement
टिल्लू ताजपुरिया 2021 रोहिणी कोर्ट शूटआउट केस का मुख्य आरोपी था

दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में गोलीबारी की घटना के आरोपी खूंखार गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया (Gangster Tillu Tajpuriya) की तिहाड़ जेल (Tihar jail) में मंगलवार सुबह उसके विरोधी गैंग के लोगों ने हमला कर हत्या कर दी। जेल अधिकारियों के मुताबिक घटना सुबह करीब 6:30 बजे घटी। विरोधियों के हमले के बाद ताजपुरिया को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टिल्लू ताजपुरिया 2021 रोहिणी कोर्ट शूटआउट केस का मुख्य आरोपी था। जानकारी के मुताबिक, विरोधी गैंग के सदस्यों ने यह हत्या की है।

जानकारी के मुताबिक, योगेश टुंडा और उसके साथियों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला किया था। इसके बाद गंभीर रूप से घायल ताजपुरिया को सुबह 06:30 बजे डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। CJ 8 में बंद योगेश टूंडा ने लोहे की ग्रिल उखाड़कर CJ9 में बंद टिल्लू के पेट में घोंप दिया।

बताया जा रहा है कि योगेश टूंडा और उसके साथी दीपक तीतर ने लोहे की रॉड से हमला कर उसकी जान ले ली। दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में 24 सितंबर 2021 को हुए शूटआउट में टिल्लू ताजपुरिया का नाम सामने आया था। इस शूटआउट में गैंगस्टर जितेंद्र उर्फ गोगी की हत्या कर दी गई थी।


रिपोर्ट के मुताबिक, हाई रिस्क वार्ड के ग्राउंड फ्लोर में बंद 33 वर्षीय टिल्लू पर चार कैदियों दीपक, योगेश, राजेश और रियाज खान ने हमला किया, जो उसी वार्ड की पहली मंजिल पर बंद थे। वार्ड की पहली मंजिल पर लगी लोहे की ग्रिल को हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया।

हाल ही में एक आतंकी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की जांच के दौरान टिल्लू का नाम सामने आया था। रोहिणी कोर्ट नंबर 207 में पिछले साल 24 सितंबर को दो शूटरों ने शूटआउट के दौरान जितेंद्र गोगी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

सूत्रों ने बताया था कि पिछले साल सितंबर में रोहिणी शूटआउट से एक दिन पहले शूटर उमंग और जगदीप ने मुरथल में राकेश ताजपुरिया नाम के बदमाश से हथियार लिए थे। फिर उसी दिन उमंग और जगदीप ने एम्स के पास एक शख्स से वकीलों की ड्रेस ले ली। टिल्लू जेल से व्हाट्सएप कॉल के जरिए दोनों के लगातार संपर्क में था।

प्रिंस तेवतिया की भी हो चुकी है हत्या

इससे पहले इसी साल अप्रैल महीने में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के एक साथी प्रिंस तेवतिया को तिहाड़ जेल के अंदर प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों द्वारा हत्या कर दी गई थी। अधिकारियों ने बताया कि तेवतिया ने दूसरे कैदी पर रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली वस्तु को हथियार बनाकर हमला किया और दोनों गिरोहों के सदस्य लड़ाई में शामिल हो गए, जिसमें चार लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि उनमें से तीन की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि तेवतिया को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

ये भी पढ़ें- Business Idea: सिर्फ 25,000 रुपये खर्च कर खुद बने बॉस, हर महीने होगी अंधाधुंध कमाई

अधिकारियों के मुताबिक, तेवतिया हत्या और हत्या के प्रयास समेत 16 आपराधिक मामलों में शामिल था। दिसंबर 2022 में, तेवतिया को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने राष्ट्रीय राजधानी में एक आपराधिक मामले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उन्होंने कहा कि उसे पहली बार 2010 में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।