उज्जैन महाकाल मंदिर की दीवार गिरने से 2 की मौत, कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका

उज्जैन के महाकाल मंदिर के चार नंबर गेट के पास बनी एक दीवार 27 दिसंबर शाम को हुई तेज बारिश में ढह गई। इसके मलबे में कुछ लोग दब गए। घायल हो गए श्रद्धालुओं को रेस्क्यू टीम ने तुरंत मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जा रही है। हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है

अपडेटेड Sep 27, 2024 पर 9:38 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
उज्जैन मंदिर में हादसे के बाद रेस्क्यू टीम बचाव कार्य करने में जुटी हुई है।

उज्जैन के महाकाल मंदिर (Mahakal Temple) के चार नंबर गेट के पास बनी एक दीवार 27 दिसंबर शाम को हुई तेज बारिश में ढह गई। इसके मलबे में कुछ लोग दब गए। घायल हो गए श्रद्धालुओं को रेस्क्यू टीम ने तुरंत मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जा रही है। हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

उज्जैन में पिछले कुछ दिनों से लगातार तेज बारिश का दौर जारी है लेकिन इस बारिश से महाकाल मंदिर क्षेत्र में आफत आ गई। महाकाल मंदिर के गेट नंबर 4 पर ज्योतिषाचार्य पंडित आनंद शंकर व्यास के मकान के पास अचानक एक पुरानी दीवार ढह गई। दीवार के पास सामान बेचने वाले कुछ लोग इसकी चपेट में आ गए। महाकाल मंदिर प्रशासन को सूचना दी गई कि दीवार गिरने की वजह से कुछ लोग मलबे में दब गए हैं। एसपी प्रदीप शर्मा ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है।

लोगों के दबने की सूचना महाकाल मंदिर प्रशासन को मिलने पर तुरंत महाकाल थाना पुलिस और मंदिर कर्मचारियों की सहायता से घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मलबे में कितने लोग दबे हैं और कितने को रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाला है, अभी इसकी जानकारी नहीं है। लेकिन रेस्क्यू टीम लगातार बचाव कार्य करने में लगी हुई है।


घटना की एक प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया कि बहुत तेज बारिश हो रही थी। वह छाता लेकर गेट नंबर चार के गेट पर खड़ी थीं। तभी अचानक दीवार गिर गई, जिससे दो महिला और एक बच्चा दीवार के नीचे दब गया। दीवार गिरने के कारण और कितने श्रद्धालु घायल हुए, इसकी जानकारी महिला को नहीं थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।