Indian Railways: भारतीय रेलवे की सेमी-हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) को भगवान शिव और आदिशक्ति के आध्यात्मिक चित्रों से सजाकर एक नया रूप दिया गया है। भारत की सबसे प्रतिष्ठित और पहली सेमी हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस अब यात्रियों को एक आध्यत्मिक यात्रा के जरिए काशी की समृद्ध विरासत से परिचित कराएगी।
वंदे भारत एक्सप्रेस के एग्जिक्यूटिव श्रेणी के डिब्बों की भीतरी दीवारों पर आदिनाथ भगवान शिव और आदिशक्ति की पेंटिंग लगाई गई है। खास बात यह है कि इन पेंटिंग्स की एक विशेषता यह भी है कि इन्हें जम्मू के फुट एंड माउथ कलाकारों द्वारा तैयार किया गया है।
बता दें कि वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 15 फरवरी, 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। यह रेलगाड़ी देश की राजधानी दिल्ली को पारम्परिक संस्कृति, मिथक और किंवदंती द्वारा गौरवान्वित प्राचीन जीवंत शहर वाराणसी से जोड़ती है। अधिकारियों ने कहा कि पहला प्रोटोटाइप मार्च-अप्रैल 2022 तक तैयार हो जाएगा।
इसके एक अन्य रैक को तीन अक्तूबर 2019 को शुरू किया गया था, जिससे कटरा स्थित तीर्थ को जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा की बेहतर सुविधा मिल सके। इस ट्रेन का यह रैक यात्रियों को समय की पाबंदी के बेहतर रिकॉर्ड और ऑनबोर्ड सुविधाएं प्रदान करता है।
यह ट्रेन डिस्ट्रिब्यूटिड अंडरस्लेंग माउंटिड कर्षण सिस्टम, एडवांस्ड रि-जनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम, एग्जीक्यूटिव श्रेणी में 180 डिग्री के रोटेटिंग मैकेनिज्म के साथ मॉड्यूलर सीट, डिफ्यूज्ड एलईडी लाइटिंग, एक कोच से दूसरे कोच में जाने के लिए पूर्णत: सील्ड, चौड़े, सुरक्षित और धूल-मुक्त रास्ते, मॉड्यूलर बॉयो-वैक्यूम शौचालय, मिनी पेंट्री, सीसीटीवी कैमरे, इमरजेंसी टॉक बैक यूनिटों और प्रत्येक कोच में सेंसर आधारित इंटर कनेक्टिंग दरवाजों से लैस है।