Weather Alert: मुंबई में बारिश का कहर, थमी लोकल ट्रेन की रफ्तार, 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट

Mumbai Rain: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आज (8 जुलाई 2024) से मूसलाधार बारिश हो रही है। जिससे सड़के पानी से लबालब भर गई हैं। लोकल ट्रेन की रफ्तार धीमी हो गई है। बेस्ट की कई बसों के मार्ग में बदलाव किया गया है। सुबह 7 बजे तक अलग-अलग इलाकों में 300 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है

अपडेटेड Jul 08, 2024 पर 9:51 AM
Story continues below Advertisement
Mumbai Rain: मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मुंबई में रात से ही मूसलाधार बारिश जारी है। भारी बारिश के कारण कई जगह पानी भर गया है। हिंदमाता, सायन, गांधी मार्केट, कुर्ला, सभी जगहों पर सड़कें दरिया बन गई हैं। गाड़ियां जहां-तहां रुकी हुई हैं। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली मुंबई लोकल ट्रेनें ठप हैं। भारी बारिश की वजह से मुंबई में आज (सोमवार), 8 जुलाई को स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कल्याण-कसारा सेक्शन में खडावली और टिटवाला के बीच लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। रविवार को लोकल ट्रेन सर्विस पर भी असर पड़ा था। मुंबई में रात 1 बजे से सुबह 7 बजे तक 6 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। बीएमसी ने आज भारी बारिश की आशंका जताई है।

महाराष्ट्र में बाढ़ से निपटने के लिए कई जिलों में NDRF टीम पहुंच गई है। रायगढ़ किले में कई पर्यटक भी भारी बारिश के कारण फंसे हुए हैं। मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मालाड, कांदिवली, बोरीवली, दहिसर, विले पार्ले, सांताक्रूज, बांद्रा इलाकों में भारी बारिश हो रही है। अंधेरी, जुहू, जोगेश्वरी इलाके में बारिश की तीव्रता बहुत ज्यादा है, जिससे आम जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

नवी मुंबई में बारिश का कहर


नवी मुंबई, ठाणे और पनवेल में सुबह से शुरू हुई मूसलाधार बारिश की वजह से कई इलाकों में पानी भर गया है। वहीं अदाई और सुकापुर क्षेत्रों के गांवों में पूरी तरह से पानी भर गया है। सड़कों और सोसाइटियों में भी पानी जमा हो गया है। सोसायटी में रहने वाले लोगों को बाहर निकलने में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कमर तक पानी आ चुका है। कलंबोली इलाके में सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गाड़ियां सड़क पर फंसी हुई हैं। वहीं कारें, परिवहन बसें सब बंद हो गई हैं। ऐसे में निवासियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई में लोकल ट्रेन की रफ्तार कम होने से दादर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। सभी लोकल ट्रेनें 20-25 मिनट देरी से चल रही हैं।

उत्तराखंड में भारी बारिश, चार धाम यात्रा पर लगी रोक

वहीं उत्तराखंड में पिछले 4 दिनों से भारी बारिश हो रही है। इसकी वजह से केदारनाथ, बद्रीनाथ हाईवे समेत 115 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। कई रास्ते लैंडस्लाइड तो कुछ बह जाने के कारण बंद हो गए। इसके बाद चार धाम यात्रा रोक दी गई। इससे जगह-जगह करीब 6000 श्रद्धालु फंस गए हैं। गंगा, अलकनंदा, भागीरथी समेत कई नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में 1 जून से अब तक 276.8 मिमी बारिश हुई है। जबकि सामान्य कोटा 259 मिमी है। पूरे मानसून के सीजन में उत्तराखंड में 1162.2 मिमी औसत बारिश को सामान्य मानसून माना जाता है।

11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आज (8 जुलाई) 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, असम, नागालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 10 राज्यों- उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में काले बादल छाए हुए हैं। लेकिन बारिश ना होने से लोग उमस वाली गर्मी से परेशान हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज यानी 8 जुलाई को आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश हो सकती है। IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

Weather Updates: उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट जारी, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Jul 08, 2024 9:46 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।