मुंबई में रात से ही मूसलाधार बारिश जारी है। भारी बारिश के कारण कई जगह पानी भर गया है। हिंदमाता, सायन, गांधी मार्केट, कुर्ला, सभी जगहों पर सड़कें दरिया बन गई हैं। गाड़ियां जहां-तहां रुकी हुई हैं। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली मुंबई लोकल ट्रेनें ठप हैं। भारी बारिश की वजह से मुंबई में आज (सोमवार), 8 जुलाई को स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कल्याण-कसारा सेक्शन में खडावली और टिटवाला के बीच लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। रविवार को लोकल ट्रेन सर्विस पर भी असर पड़ा था। मुंबई में रात 1 बजे से सुबह 7 बजे तक 6 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। बीएमसी ने आज भारी बारिश की आशंका जताई है।