Credit Cards

Weather Updates: दिल्ली में आज हल्की बारिश के आसार, 25 और 26 को लू का अलर्ट, मुंबई में बारिश का येलो अलर्ट

Weather Forecast: कई हफ्तों की भीषण गर्मी के बाद आज देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 25 और 26 जून को लू के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। उधर उत्तर प्रदेश में आज मानसून दस्तक देगा। वहीं बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र में भारी बारिश हो सकती है

अपडेटेड Jun 23, 2024 पर 8:40 AM
Story continues below Advertisement
Weather Forecast: दिल्ली-NCR में आज बादल छाए रहेंगे। हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। कुछ जगह बारिश होने से लोगों को राहत मिली है। कई राज्यों में हुई बूंदाबांदी और तेज हवा से मौसम काफी सुहावना हो गया है। अभी तक तपती गर्मी के चलते लोगों का जीना मुश्किल था। अब मौसम में बदलाव होने से दिल्ली समेत कई राज्यों में लोगों को काफी राहत मिली है। वहीं आज यूपी के कई जिलों में मानसून पहुंचेगा। इधर बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र, केरल, कोंकण और कर्नाटक में आज भारी बारिश हो सकती है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 जून से 3 जुलाई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के सभी हिस्सों तक पहुंच जाएगा।

IMD के मुताबिक, अगले सात दिनों के दौरान उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट से लेकर भारी बारिश हो सकती है। 24-26 जून के दौरान उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना है।

दिल्ली में मौसम का हाल


दिल्ली में आज (23 जून 2204) आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। आज दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनत तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। अधिकतम तापमान मौसम के सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान दो डिग्री ज्यादा है। दिल्ली में आज और कल दो दिन के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने एक प्रेस रिलीज में कहा है कि 22 से 25 जून तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है। 24 और 25 जून को पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली लू चल सकती है। इसके बाद इसमें कमी आएगी। दिल्ली में अभी ज्यादा तापमान में गिरावट की उम्मीद नहीं है। ऐसे में आने वाले दिनों में दिल्ली वालों को फिर से भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

यूपी के कई जिलों में आज से बारिश का आगाज

मौसम विभाग के मुताबिक, आज से राजधानी लखनऊ समेत कई जगहों पर छिटपुट बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। सोमवार को बारिश और तेज हो सकती है। अगले तीन से चार दिनों में प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मानसून के पहुंचने की भी संभावना बन रही है। ऐसे में 25 जून से प्रदेश भर में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। आज भी पूर्वी यूपी में कई जगहों पर बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार, आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज, गाजीपुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़, फतेहपुर, हमीरपुर, बांदा, झांसी, महोबा और ललितपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार हैं।

मुंबई के लिए येलो अलर्ट, ठाणे, रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने मुबंई में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज और कल यहां भारी बारिश हो सकती है। मुंबई और पालघर के लिए येलो अलर्ट और ठाणे, रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। BMC के अनुसार, शुक्रवार की सुबह 8 बजे से शनिवार की सुबह 8 बजे तक पूर्वी उपनगर में सबसे अधिक 33.68 एमएम, पश्चिमी उपनगर में 18.30 एमएम और शहर में 7.49 एमएम बारिश दर्ज की गई है।

बिहार और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 24-26 जून के दौरान बिहार में, 22 और 26 जून को ओडिशा में, 25 और 26 जून को झारखंड में और 22-26 जून के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश के आसार हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।